दिव्यांग बच्चों ने मुख्यमंत्री को भेंट की मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाएं
मुख्यमंत्री ने बच्चों की प्रतिभा और सृजनशीलता को सराहा
भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दिव्यांग बच्चों ने मिट्टी से निर्मित भगवान श्री गणेश की सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल प्रतिमाएं भेंट कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों की प्रतिभा, मेहनत और सृजनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि इन प्रतिमाओं के माध्यम से बच्चों ने प्रकृति से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया है।
मुख्यमंत्री ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर नागरिकों से अपील की कि वे बच्चों द्वारा बनाई गई मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं खरीदकर उनकी प्रतिभा और मेहनत को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के हाथों से तैयार ये प्रतिमाएं उनके आत्मविश्वास और सपनों को नई ऊर्जा देने का माध्यम बन सकती हैं।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री को गणेश प्रतिमाएं भेंट कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप नगद राशि भी प्रदान की।
इन प्रतिमाओं का निर्माण सीहोर में वसुंधरा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित वसुंधरा विशेष विद्यालय के दिव्यांग बच्चों ने किया है। गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय परिसर में स्टॉल भी लगाया गया है।
इस अवसर पर वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल, संस्था की संरक्षक गुंजन चौकसे एवं संस्था के अध्यक्ष अर्जुन सिंह उपस्थित रहे।
