ग्राम लावाघोघरी में माटी गणेश-सिद्ध गणेश कार्यक्रम संपन्न
ग्रामीणों एवं युवाओं ने सीखा मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का हुनर, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड मोहखेड़ के सेक्टर क्रमांक-3 लावाघोघरी में माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं युवाओं को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशन एवं ब्लॉक समन्वयक श्री भवानी प्रसाद कुमरे की उपस्थिति में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के कार्यों, आगामी गतिविधियों तथा माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई।
इस दौरान मूर्ति कलाकार श्री अनिल पाठक ने उपस्थित ग्रामीणों एवं युवाओं को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने की विधि का प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिमा निर्माण की प्रक्रिया सीखी।
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक श्री भवानी प्रसाद कुमरे ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों और युवाओं से मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं को अपनाने का आह्वान किया। शुभ विचार एसोसिएशन डोडिया प्रभारी श्री अनिल कुमार डेहरिया ने भी ग्रामीणों को मिट्टी के गणेश स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि मिट्टी से बनी प्रतिमाएं पर्यावरण के अनुकूल होती हैं और इनके विसर्जन से जल स्रोतों में प्रदूषण कम करने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में लावाघोघरी, चूड़ाबोह, राजोला माल, परासिया बैतूल, मछेरा, गोविंदवाड़ी सहित आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमा अपने घरों में स्थापित करने तथा अन्य लोगों को भी पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा अपनाने के लिए प्रेरित एवं जागरूक करने का संकल्प लिया।
