एकलव्य विद्यालय में औचक निरीक्षण, सड़ी सब्जियां और घरेलू गैस सिलेंडर मिलने से मचा हड़कंप।
मनेश साहु संपादक..सच की आंखें न्यूज़ जुन्नारदेव। जुन्नारदेव स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय जनजाति आयोग के वरिष्ठ सलाहकार सदस्य प्रकाश उईके ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं में कई गंभीर खामियां सामने आईं। रसोई में रखी लौकी, बैंगन और टमाटर सहित सब्जियां सड़ी हुई अवस्था में मिलीं और उनमें कीड़े भी पाए गए।
खाद्य सामग्री की स्थिति देखकर श्री उईके ने नाराजगी जताते हुए संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सामग्री के रख-रखाव और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग भी मिला
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की रसोई में व्यावसायिक उपयोग के स्थान पर घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई। इसे सुरक्षा मानकों से जुड़ा गंभीर विषय मानते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विद्यार्थियों से सीधे लिया सुविधाओं का फीडबैक
आयोग के सदस्य ने केवल रसोई तक सीमित न रहते हुए विद्यार्थियों के रहने के कमरे, बिस्तर, पेयजल व्यवस्था और अन्य दैनिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और विद्यालय में मिल रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया।
प्रशासनिक अमला पहुंचा, खाद्य सामग्री के सैंपल लिए
मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री उईके ने स्थानीय एसडीएम एवं तहसीलदार को सूचना दी। इसके बाद प्रशासनिक अमला विद्यालय पहुंचा और खाद्य सामग्रियों के सैंपल लिए गए। तहसीलदार द्वारा मामले की जांच शुरू कर विद्यालय प्रशासन से जवाब-तलब किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इनका कहना है..
श्री उईके ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों और ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही। साथ ही दिल्ली स्तर से संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी दी गई। एवं
केंद्रीय जनजाति आयोग के वरिष्ठ सलाहकार सदस्य प्रकाश उईके