पद्मश्री मोहन नागर का छिंदवाड़ा में भव्य नागरिक अभिनंदनबोले नागर—स्वैच्छिकता और जनभागीदारी से ही सामाजिक अभियानों को मिलेगा जनआंदोलन का स्वरूप

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
पद्मश्री मोहन नागर का छिंदवाड़ा में भव्य नागरिक अभिनंदन
बोले नागर—स्वैच्छिकता और जनभागीदारी से ही सामाजिक अभियानों को मिलेगा जनआंदोलन का स्वरूप

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) एवं पद्मश्री सम्मान से सम्मानित मोहन नागर के प्रथम नगर आगमन पर स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों द्वारा भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में जिलेभर के सामाजिक, स्वैच्छिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं, परामर्शदाताओं तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्री नागर का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान एवं अभिनंदन किया।

सम्मान के साथ सामाजिक दायित्व भी बढ़ता है

अपने संबोधन में पद्मश्री मोहन नागर ने कहा कि भारत सरकार द्वारा उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया जाता है, लेकिन सम्मान मिलने के साथ सामाजिक दायित्व भी बढ़ जाता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यक्तिगत दायित्वों के साथ सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए समाज को स्वैच्छिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की गतिविधियों का मूल आधार स्वैच्छिकता और जनसहभागिता है। जब समाज स्वयं किसी अभियान की जिम्मेदारी लेकर आगे बढ़ता है, तो स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियान जनआंदोलन का रूप ले लेते हैं।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी का आह्वान

पद्मश्री नागर ने नागरिकों से स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने जनभागीदारी को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक नागरिक को स्वैच्छिकता अभियान का सहभागी और नेतृत्वकर्ता बनाने पर जोर दिया।

जिले की ओर से दी बधाई

कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं स्वागत उद्बोधन जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने दिया। उन्होंने पद्मश्री सम्मान प्राप्त करने पर श्री नागर को जिले की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान छिंदवाड़ा जिले सहित सामाजिक क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

समारोह का संचालन समाजसेवी एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त विनोद तिवारी ने किया। कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंड समन्वयक, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, परामर्शदाता, ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

समारोह के दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने पद्मश्री मोहन नागर के सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों की सराहना करते हुए स्वैच्छिकता और जनभागीदारी के माध्यम से समाज निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default