पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर विशेष विचार संगोष्ठी आयोजित
अंत्योदय दिवस के रूप में मनाया गया कार्यक्रम, ग्रामीण विकास एवं सामुदायिक नेतृत्व पर हुई चर्चा
जुन्नारदेव। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड जुन्नारदेव के अंतर्गत मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू छात्र-छात्राओं द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर विशेष विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को ‘अंत्योदय दिवस’ के रूप में मनाते हुए ग्रामीण विकास एवं सामुदायिक नेतृत्व के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ एवं ‘अंत्योदय’ के विचारों पर चर्चा करते हुए कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना सामुदायिक नेतृत्व की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे मैदानी कार्यों की जानकारी भी साझा की।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थी शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में प्रशासन और समाज के बीच सेतु की भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान आयुष्मान भारत, पीएम आवास एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने पर भी चर्चा हुई।
जुन्नारदेव विकासखंड के विभिन्न ग्रामों से आए बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने अपने मैदानी कार्यों के अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वच्छता, जल संरक्षण तथा शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, परामर्शदाताओं एवं अतिथियों ने समाज सेवा का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन श्री सरजू विश्वकर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री गोविंद नंदवंशी ने किया।
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने, परामर्शदाता श्री सरजू विश्वकर्मा, श्री गोविंद नंदवंशी, कु. योगिता मर्सकोले, श्रीमती दीपा मेश्राम, श्री ईसरत मंसूरी, श्रीमती पिंकी साहू, श्री रामरतन बेलवंशी, श्री मेषलाल बोसम, श्री प्रवीण साहू सहित जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य एवं सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।