सड़क सुरक्षा पर जागरूकता के लिए महिला आईटीआई में विशेष सेमिनार आयोजित

सड़क सुरक्षा पर जागरूकता के लिए महिला आईटीआई में विशेष सेमिनार आयोजित

छिंदवाड़ा। शासकीय आदिवासी महिला आईटीआई, छिंदवाड़ा में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा विषय पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं एवं स्टाफ को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित आवागमन तथा वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में यातायात थाना से निरीक्षक श्री लाखन सिंह बघेल एवं उप निरीक्षक श्री शैलेन्द्र शेंद्रे उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को यातायात नियमों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा सड़क पर जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करने के संबंध में जानकारी दी। समाजसेवी श्री संदीप अग्निहोत्री एवं श्री आनंद वाजपेयी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

संस्था के प्राचार्य श्री दिनेश कुमार सोनेवार, प्रशिक्षण अधीक्षक श्री नलिन तिवारी, श्री रविकांत सोनी सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। प्राचार्य श्री दिनेश कुमार सोनेवार ने सड़क सुरक्षा को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताते हुए छात्राओं से यातायात नियमों का स्वयं पालन करने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का आयोजन प्रशिक्षण अधिकारी श्री हिरेश्वर लक्ष्मीने द्वारा किया गया, जबकि संचालन प्रशिक्षण अधिकारी श्री रामकुमार डेहरिया ने किया। सेमिनार के दौरान छात्राओं ने सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने