शासकीय महाविद्यालय तामिया में विश्व पर्यटन दिवस पर कार्यशाला एवं प्रदर्शनी आयोजितपर्यटन विकास में स्थानीय सहभागिता, स्वच्छता और होम स्टे को बढ़ावा देने पर जोर

शासकीय महाविद्यालय तामिया में विश्व पर्यटन दिवस पर कार्यशाला एवं प्रदर्शनी आयोजित

पर्यटन विकास में स्थानीय सहभागिता, स्वच्छता और होम स्टे को बढ़ावा देने पर जोर

तामिया। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय तामिया में एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. अजय नावरे के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम के संयोजक एवं संचालक प्रो. विजय सिंह सिरसाम रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष तामिया श्रीमती तुलसा परतेती, जिला पंचायत सदस्य श्री नितिन मरकाम, पर्यटनविद् श्री पवन श्रीवास्तव, पत्रकार श्री नितिन दत्ता सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्थानीय संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जनपद अध्यक्ष श्रीमती तुलसा परतेती ने कहा कि तामिया क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन विकास में स्थानीय लोगों की सहभागिता बढ़ाने के साथ क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना और पर्यटकों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना आवश्यक है।

कार्यक्रम के संयोजक प्रो. विजय सिंह सिरसाम ने विश्व पर्यटन दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिवस प्रतिवर्ष 27 सितंबर को मनाया जाता है। उन्होंने इस वर्ष की थीम “डिजिटल एजेंडा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से पर्यटन को नया रूप देना” के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि डिजिटल तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से पर्यटन को अधिक व्यक्तिगत, समावेशी एवं सतत बनाने की संभावनाओं पर जोर दिया जा रहा है।

पर्यटनविद् श्री पवन श्रीवास्तव ने तामिया क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं के साथ होम स्टे की उपयोगिता और इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. अजय नावरे ने कहा कि तामिया प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध क्षेत्र है। विद्यार्थियों को पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं को समझते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर तलाशने के लिए आगे आना चाहिए। पत्रकार श्री नितिन दत्ता ने पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला।

सावन महोत्सव में उत्कृष्ट सहभागिता के लिए प्रमाण-पत्र वितरित

कार्यक्रम के दौरान तामिया सावन महोत्सव में महाविद्यालय की नृत्य टीम एवं मंच संचालन टीम में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रदेश स्तरीय सावन महोत्सव कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्थापन में सहयोग के लिए श्री निरंजन सिंह राजपूत एवं प्रो. विजय सिंह सिरसाम को मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षणार्थियों को ट्रैक सूट वितरित

कार्यक्रम में सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को ट्रैक सूट भी वितरित किए गए। ट्रैक सूट वितरण में माधविका उईके द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती रवीना नर्रे, श्री वासुदेव पाटनकर, डॉ. भाटिया सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने