प्रतिज्ञा संकुल स्तरीय संगठन गुरैया की वार्षिक आमसभा आयोजित
उत्कृष्ट समूह, ग्राम संगठन, लखपति दीदी, सीआरपी एवं बैंक सखियों का हुआ सम्मान
छिन्दवाड़ा। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विकासखंड छिंदवाड़ा के प्रतिज्ञा संकुल स्तरीय संगठन की वार्षिक आमसभा गुरैया में आयोजित की गई। कार्यक्रम में संकुल स्तरीय संगठन के अंतर्गत आने वाले ग्राम संगठनों के पदाधिकारी एवं समूह सदस्य शामिल हुए।
आमसभा में संकुल स्तरीय संगठन की उपलब्धियों और गतिविधियों की समीक्षा की गई। वैधानिक एवं आंतरिक अंकेक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इस दौरान समूह से जुड़ी महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। बताया गया कि स्व-सहायता समूहों से जुड़कर कई महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं और लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान बना रही हैं।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट समूह, उत्कृष्ट ग्राम संगठन, लखपति दीदी, उत्कृष्ट सीआरपी एवं उत्कृष्ट बैंक सखियों को सम्मानित किया गया। मार्गदर्शक मंडल द्वारा समूह की महिलाओं को आवश्यक मार्गदर्शन देने के साथ सत्यनिष्ठा एवं वित्तीय लेनदेन की शपथ दिलाई गई। जिला प्रबंधक आईवीसीबी रेवेन्द्र येड़े ने सामाजिक संस्थाओं के सशक्तिकरण को लेकर जानकारी दी।
सहायक विकासखंड प्रबंधक अमर बहादुर ने पात्र दिव्यांग एवं वृद्ध परिवारों को समूहों से जोड़ने, समूह एवं ग्राम संगठनों को सीआईएफ राशि उपलब्ध कराने तथा बैंक लिंकेज की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही समूह सदस्यों के परिवारों के बेरोजगार युवाओं एवं युवतियों के लिए आरसेटी और डीडीयू-जीकेवाई के माध्यम से प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों के बारे में बताया। मां की बगिया योजना, लोक अधिकार केंद्र और बीपीआरपी योजना पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में विकासखंड प्रबंधक कपिल पटवा, सहायक विकासखंड प्रबंधक अमर बहादुर, प्रकाश महोबेकर, सृजन संस्था के रामभजन डेहरिया, छिंदवाड़ा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के सीईओ दीपक काब्जे, लेखापाल अंबर नायक सहित विभिन्न ग्राम संगठनों के अध्यक्ष, सचिव एवं समूह सदस्य उपस्थित रहे।
आमसभा के अंत में कार्यकारिणी सदस्यों ने आगामी वार्षिक आमसभा तक अधिक से अधिक समूह सदस्यों को लखपति दीदी की श्रेणी में लाने के लिए प्रयास करने का संकल्प लिया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और स्वल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।