कलेक्टर श्री नारायन ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण
परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं, सुरक्षा एवं कंट्रोल रूम का लिया जायजा
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 के परीक्षा केंद्र राजमाता सिंधिया शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, छिंदवाड़ा का कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने आकस्मिक निरीक्षण किया। राज्य सेवा मुख्य परीक्षा का आयोजन 7 से 12 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान संभागीय पर्यवेक्षक एवं उच्च न्यायिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री एन.सी. नागराज, केंद्राध्यक्ष सुश्री अस्मिता मुंजे, परीक्षा प्रभारी श्री आर.के. मेहरा एवं केंद्र पर्यवेक्षक श्री सुरेश बटाड़ उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री नारायन ने परीक्षा केंद्र के तीनों निर्धारित परीक्षा कक्षों एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई आवश्यक सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली।
उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया को आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।
