संत रविदास ने धर्म के साथ कर्म को दिया महत्व : मुख्यमंत्री डॉ. यादवरायसेन में संत शिरोमणि रविदास की मूर्ति स्थापित, मुख्यमंत्री वर्चुअली समारोह में हुए शामिल

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0

संत रविदास ने धर्म के साथ कर्म को दिया महत्व : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

रायसेन में संत शिरोमणि रविदास की मूर्ति स्थापित, मुख्यमंत्री वर्चुअली समारोह में हुए शामिल

रायसेन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ने अपने जीवन में धर्म के साथ कर्म को भी प्रधानता दी। उनके उपदेश आज भी समाज का मार्गदर्शन करते हैं। मध्यप्रदेश सरकार समाज को दिशा देने वाली महान विभूतियों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे शीघ्र ही रायसेन पहुंचकर संत रविदास की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रायसेन में आयोजित संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की मूर्ति स्थापना समारोह को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देश में समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत विकास शिविर एवं यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवा, महिला, गरीब एवं किसान वर्ग के कल्याण के साथ सामाजिक समरसता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने संत रविदास के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचारों में ईश्वर के प्रति गहरी आस्था के साथ कर्म और सद्भावना को विशेष महत्व दिया गया है।

उन्होंने रायसेन में आयोजित समरसता यात्रा एवं समरसता भोज में सभी वर्गों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक समरसता के लिए संतों ने अपना पूरा जीवन समर्पित किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने मुख्यमंत्री को संत रविदास की प्रतिमा स्थापना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतिमा स्थापना का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा निकट ही डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का कार्य भी जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना के लिए राज्य शासन की ओर से 25 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटवा, रामपाल सिंह, संत धनीराम, संत मनीराम, राकेश शर्मा, समाजसेवी जमना सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default