मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाकाल लोक से पीएम ई-बस एवं उज्जैन दर्शन सेवा का किया शुभारंभमुख्यमंत्री ने बस में सफर कर लिया नई परिवहन व्यवस्था का जायजा, उज्जैन के प्रमुख धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों से जुड़ेगा शहर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाकाल लोक से पीएम ई-बस एवं उज्जैन दर्शन सेवा का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने बस में सफर कर लिया नई परिवहन व्यवस्था का जायजा, उज्जैन के प्रमुख धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों से जुड़ेगा शहर

भोपाल/छिन्दवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन में सुगम, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देते हुए श्री महाकाल लोक के अन्नक्षेत्र पार्किंग परिसर से पीएम ई-बस सेवा एवं उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने शक्ति पथ, महाकाल लोक से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं बस में राजाराम रिसोर्ट तक यात्रा भी की।

इस अवसर पर वेदपाठी बटुकों द्वारा वेद मंत्रों का वाचन किया गया तथा डमरू वादन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन को लगातार विकास की नई सौगातें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 21 वर्ष पहले राज्य परिवहन निगम की बसें संचालित होती थीं, जिन्हें बाद में बंद कर दिया गया था। अब सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की उस कमी को दूर किया जा रहा है। राज्य परिवहन निगम की बसों के साथ ही नगरीय स्तर पर भी बस सेवा को विस्तार दिया जाएगा।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 बसों की सौगात दी जा रही है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं ई-बस सेवा के माध्यम से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और नगरवासियों को प्रमुख धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों तक सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी।

27.01 किलोमीटर का होगा उज्जैन दर्शन रूट

उज्जैन दर्शन सेवा का निर्धारित मार्ग मेघदूत वन पार्किंग से प्रारंभ होकर महाकाल लोक, हरसिद्धि मंदिर, क्षिप्रा नदी, ऋणमुक्तेश्वर महादेव, भर्तृहरि गुफा, गढ़ कालिका माता मंदिर, काल भैरव मंदिर, सिद्धवट, अंगारेश्वर मंदिर, मंगलनाथ मंदिर, सांदीपनि आश्रम, भूखी माता मंदिर, चिंतामण गणेश मंदिर, अष्ट विनायक मंदिर, शनि नवग्रह मंदिर, इस्कॉन मंदिर, बस स्टैंड एवं उज्जैन रेलवे स्टेशन होते हुए पुनः मेघदूत वन पार्किंग पर समाप्त होगा।

इस रूट की कुल लंबाई 27.01 किलोमीटर है तथा यात्रा का शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है। यात्री यूपीआई एवं डिजिटल माध्यम से भुगतान कर सकेंगे। ई-बसें जीरो एमिशन आधारित होंगी, जिससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।

एक टिकट से कई स्थानों पर उतरने-चढ़ने की सुविधा

यात्री निर्धारित स्टॉप पर उतरकर संबंधित मंदिर या दर्शनीय स्थल का दर्शन कर सकेंगे और दर्शन के बाद उसी स्टॉप से अगली उपलब्ध उज्जैन दर्शन बस में यात्रा जारी रख सकेंगे। निर्धारित वैधता अवधि में एक ही टिकट पर यात्री मार्ग के विभिन्न स्टॉप से बस में चढ़ने और उतरने की सुविधा का लाभ ले सकेंगे।

सभी प्रमुख मंदिरों एवं दर्शनीय स्थलों के निकट निर्धारित बस स्टॉप बनाए जाएंगे। बसों का संचालन नियमित अंतराल पर किया जाएगा, ताकि यात्रियों को अधिक प्रतीक्षा न करनी पड़े।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी बसें

बसों में लाइव सीसीटीवी, जीपीएस आधारित लाइव ट्रैकिंग, डिजिटल टिकटिंग तथा यूपीआई/डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए बसों की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा डिजिटल असिस्टेंट सह उज्जैन दर्शन गाइड यात्रियों को प्रमुख मंदिरों, दर्शनीय स्थलों, मार्ग एवं दर्शन से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

12 नगरीय मार्गों पर भी चलेगी बस सेवा

उज्जैन शहर में सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत कुल 12 मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इनमें तपोभूमि-पानबिहार, उज्जैन रेलवे स्टेशन-कालियादेह महल, कानीपुरा-अभिलाषा कॉलोनी, देवास गेट-तपोभूमि, देवास गेट-ताजपुर, देवास गेट-नए आरटीओ कार्यालय, महाकाल चौराहा-अभिलाषा कॉलोनी, देवास गेट-नानाखेड़ा, अवंतिका विश्वविद्यालय-नानाखेड़ा, देवास गेट-मुरलीपुरा, तपोभूमि-नजरपुर तथा उज्जैन दर्शन मार्ग शामिल हैं।

इन मार्गों से शहर के प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक, शैक्षणिक एवं धार्मिक क्षेत्रों को सार्वजनिक परिवहन से जोड़ा जाएगा। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के मद्देनजर यह व्यवस्था नगरवासियों के साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवागमन को सुविधाजनक बनाने में सहायक होगी।

ये प्रमुख स्थल होंगे रूट में शामिल

उज्जैन दर्शन सेवा के माध्यम से महाकालेश्वर मंदिर, महाकाल लोक, हरसिद्धि मंदिर, भर्तृहरि गुफा, गढ़ कालिका, काल भैरव, सिद्धवट, अंगारेश्वर, मंगलनाथ, सांदीपनि आश्रम, भूखी माता, चिंतामण गणेश, अष्ट विनायक, शनि नवग्रह एवं इस्कॉन मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों तक पहुंच की सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेश नाथ जी महाराज, डॉ. लता वानखेड़े, महापौर मुकेश टटवाल, मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण समिति अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने