सितंबर में देश के विभिन्न शहरों में होंगे प्रमुख एक्सपो; चयनित प्रतिभागियों को यात्रा, आवास और सहभागिता का खर्च मिलेगा
छिंदवाड़ा । सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा भारत सरकार एवं विश्व बैंक समर्थित RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत पात्र एमएसएमई एवं स्टार्टअप इकाइयों से सितंबर 2026 में देश के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले प्रमुख राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय एक्सपो में सहभागिता के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं।
महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र छिंदवाड़ा ने बताया कि योजना के तहत चयनित उद्यमियों को उनके क्षेत्र से संबंधित एक्सपो, ट्रेड फेयर एवं औद्योगिक आयोजनों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इन आयोजनों के माध्यम से उद्यमी नवीन तकनीकों, बाजार की संभावनाओं, व्यावसायिक अवसरों और उद्योग जगत की नई प्रवृत्तियों से परिचित हो सकेंगे। साथ ही विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों एवं संभावित व्यावसायिक साझेदारों से संवाद और नेटवर्किंग का अवसर भी मिलेगा।
ये हैं पात्रता की शर्तें
योजना का लाभ पात्र एमएसएमई एवं स्टार्टअप इकाइयों को दिया जाएगा। आवेदक के पास उद्यम पंजीकरण अथवा DPIIT स्टार्टअप पंजीकरण होना अनिवार्य है। एमएसएमई इकाइयों के लिए पिछले वित्तीय वर्ष में न्यूनतम 50 लाख रुपये का वार्षिक टर्नओवर आवश्यक है। प्रत्येक इकाई से केवल एक प्रतिनिधि योजना के लिए पात्र होगा। आवेदक का संबंधित एक्सपो अथवा उद्योग क्षेत्र से जुड़ा होना भी आवश्यक है।
उद्यमियों को मिलेंगे कई फायदे
योजना के तहत उद्यमियों को नए बाजारों, आधुनिक तकनीकों और व्यवसाय मॉडल की जानकारी प्राप्त करने के साथ देशभर में आयोजित एक्सपो एवं प्रदर्शनियों में सहभागिता का अवसर मिलेगा। उद्योग विशेषज्ञों एवं सफल उद्यमियों से संवाद, नेटवर्किंग और नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करने के साथ उद्यम विकास, विस्तार, नवाचार, गुणवत्ता एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।
सितंबर में होने वाले प्रमुख एक्सपो
- EV India Expo 2026 — 1 से 3 सितंबर, ग्रेटर नोएडा — ऑटोमोबाइल एवं ईवी सेक्टर
- IPHEX 2026 — 7 से 9 सितंबर, नई दिल्ली — फार्मास्यूटिकल्स एवं हेल्थकेयर
- IFAT India 2026 — 9 से 11 सितंबर, मुंबई — अपशिष्ट प्रबंधन, रीसाइक्लिंग एवं जल क्षेत्र
- MMMM 2026 — 10 से 12 सितंबर, नई दिल्ली — खनन, धातुकर्म एवं निर्माण
- Electronica India / Productronica India 2026 — 16 से 18 सितंबर, बेंगलुरु — इलेक्ट्रॉनिक्स, पीसीबी एवं ऑटोमेशन
- Tools & Equipment Expo — 17 से 19 सितंबर, नई दिल्ली — इंजीनियरिंग क्षेत्र
- MumbaiWood 2026 एवं INDEXPLUS — 18 से 20 सितंबर, मुंबई — लकड़ी, फर्नीचर, लेमिनेट्स एवं वीनियर्स
- Garment Technology Expo (GTE) — 18 से 20 सितंबर, बेंगलुरु — गारमेंट निर्माण तकनीक
- TexIndia / YARNEX / DYCHEM / TEXPROCESS — 24 से 26 सितंबर, तिरुपूर — वस्त्र एवं परिधान उद्योग
- UP International Trade Show — 25 से 29 सितंबर, ग्रेटर नोएडा — बहु-क्षेत्रीय
- Anuga Select India, ANUTEC FoodTec एवं PackEx India — 29 सितंबर से 1 अक्टूबर, मुंबई — खाद्य प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग
चयनित प्रतिभागियों का खर्च उठाएगा MPLUN
मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम (MPLUN) द्वारा चयनित प्रतिभागियों के भ्रमण, आवास, यात्रा एवं सहभागिता से संबंधित व्यय का वहन किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र उद्यमी अपने सेक्टर से संबंधित एक्सपो के लिए ऑनलाइन नामांकन कर सकते हैं।
नामांकन के लिए निर्धारित ऑनलाइन लिंक पर आवेदन किया जा सकता है। अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए श्री मिहिर से मोबाइल नंबर 8109-420420 पर संपर्क किया जा सकता है।
