मुख्यमंत्री ने सिम्स के निर्माण के लिए दिए 1000 करोड़ : बंटी विवेक साहू
पगारा मंडल के धमनिया में 17वें निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में शामिल हुए सांसद
330 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर वितरित की गईं निःशुल्क दवाएं
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज के समीप निर्माणाधीन सिम्स हॉस्पिटल के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश सरकार द्वारा 1000 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। सिम्स का निर्माण पूर्ण होने के बाद जिले में गंभीर एवं जटिल बीमारियों के उपचार की सुविधाओं का विस्तार होगा और मरीजों को उपचार के लिए महानगरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने भाजपा पगारा मंडल के ग्राम धमनिया में सेवा संकल्प अभियान एवं 100 दिवसीय सेवा संकल्प के अंतर्गत आयोजित 17वें निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर को संबोधित करते हुए कही।
शिविर में 330 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। सांसद ने शिविर स्थल पर पहुंचकर मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में चर्चा की और चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ से मरीजों के समुचित उपचार की जानकारी ली। इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत सांसद ने पौधारोपण भी किया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से मिल रही स्वास्थ्य सुविधाएं
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए अधिक दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में संचालित 312 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के साथ ही लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के लिए जागरूक किया जा रहा है।
नारी सशक्तिकरण पर भी दिया जोर
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार नारी सशक्तिकरण के साथ स्वस्थ परिवार की दिशा में कार्य कर रही है। ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनभागीदारी से स्वच्छता सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
यह रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मनीष यादव, मंडल महामंत्री जगदीश डेहरिया, मंडल मंत्री दयाशंकर साहू, बूथ अध्यक्ष उदयभान शाह, पूर्व जिला महामंत्री राजू नरोटे, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष रिजवान कुरैशी, चंद्रकुमार चंदू जैन, विकास अग्रवाल, मुकुल साहू, पुनीत पुरी, ओमप्रकाश चौरसिया, नीरज नायक, विकास साहू, अशोक गोहर, नितेश नाविक, वैभव जैन सहित चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।