स्व-सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को बना रहे आत्मनिर्भर : बंटी विवेक साहूश्रीशक्ति संकुल स्तरीय संगठन जमुनिया की वार्षिक आमसभा में शामिल हुए सांसदमहिलाओं ने साझा की सफलता की कहानियां, उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों एवं समूहों का हुआ सम्मान

स्व-सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को बना रहे आत्मनिर्भर : बंटी विवेक साहू

श्रीशक्ति संकुल स्तरीय संगठन जमुनिया की वार्षिक आमसभा में शामिल हुए सांसद

महिलाओं ने साझा की सफलता की कहानियां, उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों एवं समूहों का हुआ सम्मान

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विकासखंड छिंदवाड़ा के श्रीशक्ति संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ) जमुनिया की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद बंटी विवेक साहू शामिल हुए। इस दौरान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। सांसद ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों एवं समूहों का सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान समूह की महिलाओं ने सांसद का फूलों की वर्षा कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

सांसद बंटी विवेक साहू ने महिलाओं द्वारा साझा की गई सफलता की कहानियों की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने समूहों को और अधिक सशक्त बनाने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया। सांसद ने आगामी समय में संकुल से जुड़ी अधिक से अधिक दीदियों को ‘लखपति दीदी’ की श्रेणी में लाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

उन्होंने समूहों द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों की सराहना करते हुए महिलाओं को बेहतर और स्थायी आजीविका के अवसर विकसित करने के लिए मार्गदर्शन दिया। आमसभा में संकुल स्तरीय संगठन की वर्षभर की उपलब्धियों, कार्यों एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पूर्व वर्ष के कार्यों एवं उपलब्धियों के साथ वैधानिक एवं आंतरिक अंकेक्षण की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।

महिलाओं ने साझा की सफलता की कहानियां

कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने सांसद बंटी विवेक साहू की मौजूदगी में अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। महिलाओं ने बताया कि समूहों से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त होने के अवसर मिले हैं। अनेक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्व-सहायता समूह, उत्कृष्ट ग्राम संगठन, लखपति दीदी, उत्कृष्ट सीआरपी एवं उत्कृष्ट बैंक सखी को सांसद बंटी विवेक साहू ने सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए अन्य समूहों को भी उनके कार्यों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

सीएलएफ के मार्गदर्शन मंडल द्वारा समूह की दीदियों को संगठन को मजबूत बनाने, वित्तीय अनुशासन बनाए रखने तथा सामूहिक रूप से आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर समूह सदस्यों को सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शी वित्तीय लेन-देन की शपथ भी दिलाई गई।

आजीविका एवं संस्थागत सशक्तिकरण पर मार्गदर्शन

बैठक में जिला प्रबंधक आईवीसीबी रवेन्द्र येड़े एवं सुक्खन कब्डे ने सामाजिक संस्थाओं एवं सामुदायिक संगठनों के सशक्तिकरण से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना, मंडल अध्यक्ष ओम पटेल, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष रिजवान कुरैशी, पूर्व जिला महामंत्री राजू नरोटे, नितेश पटेल, केशव पटेल, विकासखंड प्रबंधक कपिल पटवा, सहायक विकासखंड प्रबंधक अमर बहादुर, सीएलएफ नोडल प्रकाश महोबिकर, सृजन संस्था के रामभजन, छिंदवाड़ा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के सीईओ दीपक कब्जे, कंपनी के लेखपाल अंबर नायक, भारतीय जीवन बीमा निगम के विकास अधिकारी दीपक सूर्यवंशी सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में श्रीशक्ति संकुल स्तरीय संगठन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामों के स्व-सहायता समूहों के अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में समूह सदस्य शामिल हुए। अंत में महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य गतिविधियों की प्रस्तुति दी। स्वल्पाहार के साथ वार्षिक आमसभा का समापन हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने