जनविश्वास अभियान के आठवें सप्ताह में परासिया पहुंचे कलेक्टर
सिविल अस्पताल, पोषण पुनर्वास केंद्र और आवासीय कन्या शिक्षा परिसर का किया निरीक्षण
बड़कुही में शिविर लगाकर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
छिन्दवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जनसंवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान एवं लोक सेवाओं को सुगम बनाने के उद्देश्य से 7 अगस्त 2026 से शुरू किए गए मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत आठवें सप्ताह में शनिवार को जिले के सभी जिला स्तरीय, अनुविभागीय एवं खंड स्तरीय अधिकारी फील्ड में पहुंचे। अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति देखी और आमजन की समस्याएं सुनीं।
इसी क्रम में कलेक्टर हरेंद्र नारायन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की टीम के साथ परासिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं जन सुविधाओं का जायजा लिया। एसडीएम परासिया शुभम कुमार यादव भी उनके साथ रहे।
आवासीय कन्या शिक्षा परिसर में छात्राओं से किया संवाद
कलेक्टर ने माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, परासिया का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने छात्राओं को नियमित रूप से ज्ञानवर्धक पुस्तकों एवं कहानियों का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अच्छी पुस्तकों के अध्ययन से भाषा ज्ञान एवं सामान्य ज्ञान में वृद्धि होने के साथ व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
उन्होंने छात्राओं को समय का सदुपयोग करने, नियमित अध्ययन करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार ने भी छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया। इस दौरान संस्था की प्राचार्य सविता डेहरिया, अधीक्षिका ऊषा भलावी सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलेक्टर ने सिविल अस्पताल परासिया का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। उन्होंने पंजीकरण कक्ष, दवा वितरण कक्ष, इंजेक्शन कक्ष, जनरल एवं पीडियाट्रिक ओपीडी, परामर्श कक्ष, फीमेल एवं चाइल्ड वार्ड, इमरजेंसी विभाग तथा नर्सिंग स्टेशन का निरीक्षण किया।
उन्होंने अस्पताल में दवाओं, एंटी स्नेक वेनम एवं एंटी रैबीज वैक्सीन की उपलब्धता की जानकारी ली। गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए पंजीकरण कक्ष में चेयर की व्यवस्था करने तथा आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नर्सिंग स्टाफ से स्नेक बाइट के उपचार प्रोटोकॉल की जानकारी भी ली।
उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जानकारी ली
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र परासिया का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य, उपचार, पोषण एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और नियमित स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि भर्ती बच्चों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार पौष्टिक आहार एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बच्चों की माताओं से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा माताओं को बच्चों के पोषण एवं नियमित भोजन के महत्व के संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए। इस दौरान बीएमओ परासिया डॉ. अंकित सहलाम सहित एनआरसी का स्टाफ उपस्थित रहा।
बड़कुही शिविर में सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं
निरीक्षण के बाद कलेक्टर सभी अधिकारियों के साथ नगर परिषद बड़कुही में आयोजित खंड स्तरीय शिविर में पहुंचे। उन्होंने एक-एक कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों की भी समीक्षा की गई।
कृषक राधेश्याम ने फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। जांच में आधार संबंधी समस्या के कारण राशि वापस होने की जानकारी सामने आई। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए लीड बैंक मैनेजर को ऐसे सभी प्रकरण आगामी डीएलसीसी बैठक में समीक्षा के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कृषक जगदीश रघुवंशी ने खाद नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर कृषि अधिकारी ने ओटीपी संबंधी समस्या के कारण परेशानी होने और उसका निराकरण किए जाने की जानकारी दी। नरेंद्र यादव ने सड़क सुधार, अजर ने नल-जल योजना, लीलाधर ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा शबाना अंजुम ने नजूल रिकॉर्ड में तकनीकी त्रुटि से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अनुग्रह सहायता, अधूरे निर्माण कार्यों सहित अन्य समस्याएं भी सुनीं। आदिवासी कन्या छात्रावास पगारा की छात्राओं द्वारा भोजन में इल्ली मिलने की शिकायत पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
इस अवसर पर परासिया विधायक सोहनलाल वाल्मीक, विभिन्न नगरीय निकायों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक ताराचंद बावरिया, ज्योति डेहरिया सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी, नगरीय निकायों के सीएमओ, जनपद सीईओ वर्षा झारिया, उद्यमी, स्व-सहायता समूहों की दीदियां एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।