परिवहन विभाग ने छिंदवाड़ा में 16 स्कूल वाहनों की जांच की
5 वाहनों पर 30,500 रुपये की चालानी कार्रवाई, संचालकों और चालकों को दी गई समझाइश
छिंदवाड़ा। परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर हरेंद्र नारायन के आदेशानुसार शुक्रवार को परिवहन विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में स्कूल वाहनों की सघन जांच की गई। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला ने विभागीय अमले के साथ कार्रवाई करते हुए कुल 16 स्कूल वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, ओवरलोडिंग सहित अन्य जरूरी बिंदुओं की पड़ताल की गई। जांच में कमियां पाए जाने पर 5 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 30,500 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
नियमों का पालन करने की दी हिदायत
परिवहन विभाग की टीम ने स्कूल वाहन संचालकों और चालकों को मोटरयान अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुरूप ही वाहन संचालित करने की समझाइश दी। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में जांच के दौरान वाहनों में कमियां पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।