नेशनल लेवल मॉनिटर डॉ. मंजूनाथ ने किया पशुपालन विभाग की योजनाओं का निरीक्षणपशु चिकित्सा सुविधाओं, डेयरी संयंत्र और पशुधन इकाइयों की प्रगति का लिया जायजा

नेशनल लेवल मॉनिटर डॉ. मंजूनाथ ने किया पशुपालन विभाग की योजनाओं का निरीक्षण

पशु चिकित्सा सुविधाओं, डेयरी संयंत्र और पशुधन इकाइयों की प्रगति का लिया जायजा

छिंदवाड़ा। भारत सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय द्वारा नामांकित नेशनल लेवल मॉनिटर डॉ. एम.टी. मंजूनाथ ने छिंदवाड़ा जिले में संचालित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय केंद्रों, डेयरी संयंत्रों और पशुधन इकाइयों का भ्रमण कर योजनाओं की भौतिक प्रगति और जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।

पशु चिकित्सा सुविधाओं का किया निरीक्षण

निरीक्षण की शुरुआत में डॉ. मंजूनाथ ने मोबाइल वेटरनरी यूनिट वाहन का मुआयना किया। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट लैब और जिला पशु चिकित्सालय पहुंचकर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल में एक्स-रे और सोनोग्राफी सुविधाओं का सुचारू संचालन देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया तथा विभागीय टीम के प्रयासों की सराहना की।

डेयरी संयंत्र और चारा इकाई का लिया जायजा

डॉ. मंजूनाथ ने सांची डेयरी संयंत्र का निरीक्षण कर दुग्ध प्रसंस्करण एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद खजरी स्थित श्री संस्कृत पुस्तकोन्नति सभा की चारा इकाई का अवलोकन किया। इस इकाई को नेशनल लाइवस्टॉक मिशन (एनएलएम) योजना के तहत वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।

बकरी पालन इकाइयों का किया भौतिक सत्यापन

मैदानी निरीक्षण के दौरान डॉ. मंजूनाथ ने मोहखेड़ विकासखंड के ग्राम गोहजर में संचालित दुग्ध संग्रहण समिति का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इसके बाद बिछुआ विकासखंड के ग्राम मुर्रा में श्री शंकर उइके की 200+10 क्षमता वाली बकरी पालन इकाई का भौतिक सत्यापन किया और उसकी प्रगति की जानकारी ली।

इसी क्रम में ग्राम खकरा, चौरई में श्री विजय चंद्रवंशी की 500+25 क्षमता वाली बकरी पालन इकाई का निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जांच की।

नेपियर प्लांट की गतिविधियों की जानकारी ली

दौरे के अंतिम चरण में डॉ. मंजूनाथ ने सिंगोड़ी में एएचआईडीएफ योजना के तहत स्थापित नेपियर जेनेसिस प्लांट का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उप संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. एच.जी.एस. पक्षवार, मैनेजर विनोद ठाकरे तथा एनएलएम योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. छत्रपाल तांडेकर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान आवश्यक अभिलेख और तकनीकी जानकारियां उपलब्ध कराईं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने