कलेक्टर ने समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देशराजस्व वसूली बढ़ाने और छिंदवाड़ा-सिवनी मार्ग की मरम्मत शीघ्र शुरू कराने पर जोरहोटल-रेस्टोरेंट में स्वच्छता की जांच जारी रखने और कमियां मिलने पर कार्रवाई के निर्देश, 16 अक्टूबर को तामिया में लगेगा मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर

 कलेक्टर ने समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
राजस्व वसूली बढ़ाने और छिंदवाड़ा-सिवनी मार्ग की मरम्मत शीघ्र शुरू कराने पर जोर

होटल-रेस्टोरेंट में स्वच्छता की जांच जारी रखने और कमियां मिलने पर कार्रवाई के निर्देश, 16 अक्टूबर को तामिया में लगेगा मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर

छिंदवाड़ा। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने होटल एवं रेस्टोरेंट में स्वच्छता और हाइजीन की जांच लगातार जारी रखने तथा कमियां पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्कूली वाहनों की जांच कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने और सभी स्कूलों से इस संबंध में प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। बैठक में सेवा संकल्प अभियान एवं मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के क्रियान्वयन, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई के आवेदनों तथा विभिन्न आयोगों और वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त प्रकरणों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर अंकिता त्रिपाठी सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि मैदानी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

छिंदवाड़ा-सिवनी मार्ग की मरम्मत शीघ्र शुरू कराने के निर्देश

कलेक्टर ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को छिंदवाड़ा-सिवनी मार्ग की मरम्मत का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बार-बार निर्देश देने और बारिश नहीं होने के बावजूद मरम्मत कार्य में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। मुख्य मार्ग पर गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, इसलिए इस समस्या की गंभीरता को समझते हुए मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराया जाए।

16 अक्टूबर को तामिया में लगेगा मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर

कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत अगला जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर तामिया ग्राम पंचायत में आयोजित किया जाएगा। शिविर से पहले तामिया और आसपास के गांवों की शासकीय संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा अपनी अधीनस्थ संस्थाओं का निरीक्षण कर प्रतिवेदन परख ऐप पर ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए।

राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश

कलेक्टर ने वित्तीय वर्ष के छह माह बीत जाने के बाद भी मांग कायमी के विरुद्ध राजस्व वसूली में अपेक्षाकृत कम प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी तहसीलदारों को राजस्व वसूली में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

छूटे हुए और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने चलाएं अभियान

कलेक्टर ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एसआईआर के बाद मतदाता सूची में नाम जोड़ने से छूटे नागरिकों और नए मतदाताओं के नाम शामिल करने का कार्य अभियान के रूप में किया जाए। सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा छूटे हुए मतदाताओं की सूची बूथ लेवल एजेंटों को शीघ्र उपलब्ध कराएं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 के साथ किसी प्रकार का घोषणा-पत्र भरने की आवश्यकता नहीं है। इस संबंध में व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने