जनगणना 2027: द्वितीय चरण के लिए प्रशिक्षण शुरू
दूसरे चरण में पूछे जाएंगे 40 प्रश्न, स्व-गणना के लिए मिलेगा 15 दिनों का समय
छिंदवाड़ा। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला एवं चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को नगर निगम छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में शुरू हुआ। प्रशिक्षण का शुभारंभ कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी हरेंद्र नारायन ने मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।
इस अवसर पर कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके सफल संचालन में प्रत्येक अधिकारी की अहम भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण गंभीरता से लेने तथा जनगणना से संबंधित प्रक्रियाओं, दायित्वों और तकनीकी पहलुओं को अच्छी तरह समझने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की शंका होने पर उसका समाधान अवश्य प्राप्त करें, ताकि जनगणना का कार्य त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।
जिला जनगणना अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर पुष्पेंद्र निगम ने जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस चरण का कार्य जनवरी एवं फरवरी 2027 में किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति से 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। स्व-गणना के लिए जनवरी माह में 15 दिनों का समय दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस चरण में बेघर एवं निराश्रित व्यक्तियों की गणना भी की जाएगी। इसके अंतर्गत सड़कों के किनारे, रेलवे स्टेशनों और अन्य स्थानों पर रहने वाले निराश्रितों की जानकारी एकत्र की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जनगणना की कार्यप्रणाली, उनकी जिम्मेदारियों और विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों एवं शंकाओं का समाधान भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय, जनगणना जिला प्रभारी अनुज सोलंकी, सह प्रशिक्षक कैलाश साहू सहित नगरीय क्षेत्र के सभी चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags
छिंदवाड़ा