सावरवानी-तामिया की सुंदरता पर मोहित हुए राइडर्स22 राइडर्स ने लिया प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय संस्कृति का अनुभव, एडवेंचर टूरिज्म को मिली नई रफ्तार

सावरवानी-तामिया की सुंदरता पर मोहित हुए राइडर्स

22 राइडर्स ने लिया प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय संस्कृति का अनुभव, एडवेंचर टूरिज्म को मिली नई रफ्तार

छिन्दवाड़ा। मध्यप्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निकली 10 दिवसीय विशेष मोटरसाइकिल एक्सपीडिशन शनिवार को पर्यटन ग्राम सावरवानी और तामिया पहुंची। देशभर से आए 22 साहसी राइडर्स ने सतपुड़ा की प्राकृतिक सुंदरता, स्थानीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों का अनुभव लिया। सावरवानी और तामिया से होते हुए राइडर्स पेंच टाइगर रिजर्व के लिए रवाना हुए।

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और रॉयल एनफील्ड के बीच हुई साझेदारी के तहत आयोजित इस मोटरसाइकिल एक्सपीडिशन का उद्देश्य प्रदेश में अनुभव-आधारित एवं जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस साझेदारी के माध्यम से नए क्यूरेटेड रूट्स विकसित किए जाएंगे, जिससे पर्यटन के नए अवसरों के साथ स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसर भी विकसित हो सकेंगे।

सतपुड़ा के जंगलों से होते हुए पहुंचे तामिया

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के एडवेंचर टूरिज्म एडवाइजर के.के. सिंह के मार्गदर्शन में राइडर्स शनिवार सुबह सतपुड़ा के जंगलों से होते हुए तामिया पहुंचे। यहां तामिया के प्रसिद्ध रेस्ट हाउस में जिला प्रशासन की ओर से पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी ने उनका स्वागत किया।

उन्होंने राइडर्स को जिले में संचालित होम स्टे, एस्ट्रो विलेज धूसावानी सहित अन्य पर्यटन स्थलों की जानकारी दी। तामिया के पर्यटन एक्टिविस्ट पवन श्रीवास्तव ने राइडर्स को तामिया एवं पातालकोट की प्राकृतिक एवं पर्यटन विशेषताओं से परिचित कराया।

इस अवसर पर माउंट एवरेस्ट फतह कर चुकीं तामिया की बेटी एवं पर्वतारोही भावना डेहरिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। राइडर्स ने करीब एक घंटे तक तामिया में रुककर क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता एवं पर्यटन गतिविधियों की जानकारी ली। इसके बाद वे पेंच टाइगर रिजर्व के लिए रवाना हुए।

सावरवानी में होम स्टे और लोक संस्कृति से हुए रूबरू

तामिया पहुंचने से पहले राइडर्स ने सावरवानी में होम स्टे का भ्रमण किया। यहां उन्होंने ग्रामीण परिवेश एवं स्थानीय जीवनशैली को करीब से जाना और लोक नृत्य का आनंद लिया। इस दौरान राइडर्स ने स्थानीय संस्कृति और आतिथ्य को लेकर उत्साह व्यक्त किया।

1520 किलोमीटर की यात्रा में शामिल हैं 22 राइडर्स

इस विशेष मोटरसाइकिल एक्सपीडिशन की कुल दूरी करीब 1520 किलोमीटर है। यात्रा में महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और केरल सहित विभिन्न राज्यों के 22 राइडर्स शामिल हैं।

यात्रा में फ्रांस के पेरिस से आईं 55 वर्षीय महिला राइडर फैबिएन क्रिस्टीन जैनिन ड्यूपुइस भी शामिल हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश के प्राकृतिक एवं वन्यजीव पर्यटन स्थलों को दोपहिया वाहन से करीब से देखने को लेकर उत्साह व्यक्त किया। यह एक्सपीडिशन प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य, स्थानीय संस्कृति और जिम्मेदार पर्यटन को देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने