कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर किया संवादपेपर फ्लावर में बच्चों के साथ भरे रंग, कलर पेंसिल और ड्राइंग बुक पाकर खिले नौनिहालों के चेहरेबच्चों ने कलेक्टर को भेंट किया आम का पौधा

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर किया संवाद

पेपर फ्लावर में बच्चों के साथ भरे रंग, कलर पेंसिल और ड्राइंग बुक पाकर खिले नौनिहालों के चेहरे

बच्चों ने कलेक्टर को भेंट किया आम का पौधा

छिन्दवाड़ा। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने शनिवार को परासिया परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 12 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, बच्चों की गतिविधियों तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का बच्चों के प्रति सहज और आत्मीय व्यवहार देखने को मिला। उन्होंने बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर उनसे बातचीत की और उनकी पढ़ाई, खेलकूद तथा दैनिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।

बच्चों ने उत्साह के साथ कलेक्टर को एबीसीडी और गिनती सुनाई। बच्चों के आत्मविश्वास और प्रस्तुति से प्रभावित होकर कलेक्टर ने उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें पढ़ाई के साथ खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, शैक्षणिक गतिविधियों एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार, एसडीएम परासिया शुभम कुमार यादव एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग बृजेश शिवहरे उपस्थित रहे।

बच्चों के साथ पेपर फ्लावर में भरे रंग

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों के साथ ‘पेपर फ्लावर’ में रंग भरने की गतिविधि में सहभागिता की। वे बच्चों के साथ बैठकर पेपर फ्लावर में रंग भरते नजर आए। कलेक्टर को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित दिखाई दिए।

उन्होंने बच्चों से अलग-अलग रंगों की पहचान तथा चित्रों एवं गतिविधियों से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों द्वारा दिए गए जवाबों की सराहना करते हुए कलेक्टर ने उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया।

कलर पेंसिल और ड्राइंग बुक पाकर खुश हुए बच्चे

कलेक्टर ने बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें कलर पेंसिल और ड्राइंग बुक प्रदान की। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों ने उत्साह के साथ अपनी बनाई हुई ड्राइंग कलेक्टर को दिखाईं।

कलेक्टर ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियां भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को सीखने के लिए आनंददायक एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की सराहना की।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूनम चौरसिया के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से बच्चों में सीखने की रुचि, आत्मविश्वास और ज्ञान का स्तर दिखाई दे रहा है।

बच्चों ने कलेक्टर को भेंट किया आम का पौधा

निरीक्षण के दौरान बच्चों ने कलेक्टर हरेंद्र नारायन को आम का पौधा भेंट किया। कलेक्टर ने बच्चों से मिले पौधे को सहर्ष स्वीकार करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी भावना की सराहना की।

उन्होंने बच्चों को नियमित पढ़ाई के साथ खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने और स्वस्थ रहने के लिए समय पर पौष्टिक भोजन करने के लिए भी प्रेरित किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने