सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम में जरूरतमंद विद्यार्थियों को वितरित की शैक्षणिक सामग्री
सांसद विवेक बंटी साहू ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित, दीपक फाउंडेशन 25 टॉपर छात्राओं की फीस भरेगा
छिन्दवाड़ा। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग के संयोजन में 10 अक्टूबर को पीएम श्री एमएलबी स्कूल, छिन्दवाड़ा में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपियां, पेन, ड्राइंग पेंसिल, पानी की बोतल सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई में सहयोग देना है।
सरस्वती पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। एमएलबी स्कूल की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। जिला शिक्षा अधिकारी जे.के. इडपाचे सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर सांसद विवेक बंटी साहू, शेषराव यादव, विजय पांडे, अजय सक्सेना, लीला बिजोलिया, अंकुर शुक्ला, धर्मेंद्र मिगलानी, राजू नरोटे, रिजवान कुरैशी, अल्केश लांबा, निशा गोस्वामी, गरिमा दामोदर, शशांक चंदेल, मनोज सक्सेना, भारत घई और माइकल पहाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सहायक संचालक डी.पी. डेहरिया, पी.एल. मेश्राम, प्राचार्य अलका श्रीवास्तव, राजेंद्र साहू, एडीपीसी राजीव साठे, साबिर फारूकी, संकेत जैन, बीईओ अशरफ अली और बीआरसी अजय केकतपूरे सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।
विद्यार्थियों को मेहनत से आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
सांसद विवेक बंटी साहू ने शैक्षणिक सामग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।
शेषराव यादव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों के जरिए योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के साथ जरूरतमंदों को प्रत्यक्ष सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी आवश्यकता के अनुसार हरसंभव मदद देने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान ऐसे चयनित विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई, जिनके माता-पिता का निधन हो चुका है। अतिथियों ने उन्हें स्कूल बैग, कॉपियां, पेन, ड्राइंग पेंसिल, पानी की बोतल सहित अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की।
दीपक फाउंडेशन भरेगा 25 टॉपर छात्राओं की फीस
कार्यक्रम में अजय सक्सेना ने घोषणा की कि दीपक फाउंडेशन आगामी शैक्षणिक सत्र में जिले की चयनित 25 टॉपर छात्राओं की फीस का भुगतान करेगा। इस पहल से मेधावी छात्राओं को अपनी पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहयोग मिलेगा।