छिंदवाड़ा में जिला स्तरीय युवा उत्सव 4 और 5 नवंबर को

छिंदवाड़ा में जिला स्तरीय युवा उत्सव 4 और 5 नवंबर को


‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर पांच विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं, 31 अक्टूबर तक करा सकेंगे पंजीयन

छिंदवाड़ा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस के लिए जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 4 एवं 5 नवंबर को किया जाएगा। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है। दो दिवसीय आयोजन में कविता लेखन, चित्रकला, समूह लोकगीत, समूह लोक नृत्य और नुक्कड़ नाटक सहित पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक

युवा उत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभा कक्ष में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने आयोजन की व्यवस्थाओं और तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दो दिनों में होंगी पांच प्रतियोगिताएं

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 4 नवंबर को सुबह 11 बजे से एमएलबी स्कूल में कविता लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, 5 नवंबर को शुक्ला मैदान स्थित टीटी हॉल में समूह लोकगीत, समूह लोक नृत्य और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं होंगी।

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग

जिला स्तरीय युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियां भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागी 31 अक्टूबर तक जिला खेल विभाग के कार्यालय में पंजीयन करा सकते हैं। प्रतियोगिताओं और पंजीयन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए जिला खेल विभाग के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने