जुन्नारदेव में हर्षोल्लास से मना दशहरा, धू-धू कर जले रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले
श्री रामलीला समिति ने शताब्दी वर्ष में किया भव्य आयोजन, रामलीला की स्मारिका के कवर पृष्ठ का विमोचन
विधायक सुनील उईके बोले—आने वाली पीढ़ियां भी निभाती रहेंगी 100 साल पुरानी परंपरा
जुन्नारदेव। नगर में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर चुकी श्री रामलीला समिति द्वारा दशहरा मैदान में भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम की विजय यात्रा, आकर्षक झांकियों, भव्य आतिशबाजी और रावण, मेघनाद एवं कुंभकर्ण के पुतलों के दहन ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु शामिल हुए।
भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत
कार्यक्रम के पूर्व शाम 7:30 बजे श्री रामलीला मंच से भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, हनुमान जी सहित वानर सेना तथा दूसरी ओर रावण, मेघनाद और राक्षसी सेना के पात्र शामिल हुए। बैंड-बाजे और डीजे की धुनों के बीच सैकड़ों नगरवासी जुलूस के साथ चलते रहे। नगर में विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। आतिशबाजी के बीच जुलूस दशहरा मैदान पहुंचा, जहां उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी का पूजन-अर्चन किया।
अगले 100 वर्षों तक जारी रहेगी परंपरा : विधायक सुनील उईके
श्री रामलीला समिति के संरक्षक एवं क्षेत्रीय विधायक सुनील उईके ने शताब्दी वर्ष के अवसर पर रामलीला से जुड़े दिवंगत कलाकारों को श्रद्धांजलि देते हुए वर्तमान कलाकारों और समिति के सदस्यों के योगदान की सराहना की। उन्होंने समिति अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव सहित पूरी आयोजन टीम को बधाई दी।
विधायक ने कहा कि श्री रामलीला समिति की यह प्राचीन परंपरा 100 वर्ष पूरे कर चुकी है। उनकी कामना है कि यह परंपरा आगामी 100 वर्षों तक भी निरंतर जारी रहे। उन्होंने कहा कि हम रहें या न रहें, लेकिन आने वाली पीढ़ियां इस सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाती रहेंगी।
नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे ने भी रामलीला समिति को शताब्दी वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की सराहना की और इसमें सहयोग देने वाले सभी कलाकारों, सदस्यों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समिति अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव ने जताया आभार
श्री रामलीला समिति के अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में शताब्दी वर्ष के आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, दानदाताओं और प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि आमजन के सहयोग के बिना इतने बड़े आयोजन की कल्पना संभव नहीं है। रामलीला के 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा सभी क्षेत्रवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने उन कलाकारों और सहयोगियों को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने लगभग डेढ़ माह तक पूर्वाभ्यास किया और दस दिनों तक रामलीला मंचन में तन-मन-धन से योगदान दिया।
शताब्दी वर्ष की स्मारिका के कवर पृष्ठ का विमोचन
शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के उद्देश्य से श्री रामलीला समिति द्वारा 100 वर्षों की यात्रा पर आधारित एक पत्रिका तैयार की गई है। दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पत्रिका के कवर पृष्ठ का विमोचन किया। यह पहल समिति की ऐतिहासिक यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और आयोजन से जुड़े लोगों के योगदान को संजोने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।
भव्य आतिशबाजी के बीच हुआ पुतलों का दहन
दशहरा मैदान में रात्रि 12 बजे रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। इससे पहले लगभग एक घंटे तक आकर्षक आतिशबाजी का दौर चला। रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान जगमगा उठा और मैदान में उपस्थित दर्शकों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
इसके बाद भगवान श्रीराम ने अग्निबाण चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। वहीं, लक्ष्मण के अग्निबाण से मेघनाद के पुतले का दहन किया गया। कुंभकर्ण के पुतले का भी दहन किया गया। इस दौरान पूरा दशहरा मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखते हुए लोगों को सुरक्षित तरीके से मैदान से बाहर निकलवाया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विधायक सुनील उईके, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे, पूर्व विधायक नथन शाह कवरेती, पूर्व विधायक रामदास उईके, नगर पालिका उपाध्यक्ष सोनिया कुमरे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष सपना पाल, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अरुण साहू, अनिल मिगलानी, नितिन राजोरिया, अंकित सोनी, अशोक विश्वकर्मा, श्री रामलीला समिति अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, महामंत्री नानेंद्र शर्मा, तहसीलदार ज्योति ठोके, सीएमओ नेहा धुर्वे, एसडीओपी सोनम पाटिल और थाना प्रभारी जे. मसराम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संतोष बडोनिया, अनुरोध शर्मा एवं तरुण बत्रा ने किया। अंत में समिति अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव ने सभी का आभार व्यक्त किया।