ट्रैवल मार्ट के प्रतिनिधियों ने सावरवानी, तामिया और धूसावानी का किया भ्रमण
आदिवासी लोक नृत्य, मनमोहक सूर्यास्त और आकाशगंगा के नजारे बने आकर्षण का केंद्र
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 के तहत देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों को प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जैव विविधता और पर्यटन की संभावनाओं से परिचित कराने के लिए विशेष भ्रमण गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में दिल्ली, कर्नाटक, हैदराबाद, केरल सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों के दल ने छिंदवाड़ा जिले के पर्यटन ग्राम सावरवानी, तामिया और एस्ट्रो गांव धूसावानी का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिनिधियों ने जिले के प्राकृतिक सौंदर्य, स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण जीवन को करीब से जाना।
सावरवानी की सादगी और तामिया के सूर्यास्त ने मोहा मन
सतपुड़ा के जंगलों से गुजरते हुए प्रतिनिधियों का दल पर्यटन ग्राम सावरवानी पहुंचा। यहां के सहज ग्रामीण परिवेश और सादगी ने सभी को प्रभावित किया। इसके बाद दल ने तामिया के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। यहां सूर्यास्त के मनमोहक दृश्यों को प्रतिनिधियों ने अपने कैमरों में कैद किया।
देर शाम आयोजित आदिवासी लोक नृत्य की प्रस्तुति ने भ्रमण को यादगार बना दिया। ढोल और मंजीरों की थाप पर प्रस्तुत पारंपरिक नृत्य ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान दल में शामिल महिलाएं भी उत्साहपूर्वक नृत्य का आनंद लेती नजर आईं।
धूसावानी में आकाशगंगा का दीदार, वल्चर पॉइंट पर लिया देशी नाश्ते का आनंद
भ्रमण के अगले पड़ाव में प्रतिनिधियों का दल छिंदवाड़ा जिले के एस्ट्रो गांव धूसावानी पहुंचा। यहां उन्होंने देर रात तक खुले आसमान में आकाशगंगा और तारों का नजारा देखा। अगले दिन सुबह वल्चर पॉइंट पर देशी नाश्ते का आनंद लिया। इस दौरान प्रतिनिधियों को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और यहां मौजूद पर्यटन की विविध संभावनाओं से भी परिचित कराया गया।
स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण पर्यटन को जानने का अवसर
नेचर वॉक सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिनिधियों को छिंदवाड़ा के प्राकृतिक स्थलों, स्थानीय परंपराओं और ग्रामीण परिवेश को करीब से अनुभव करने का अवसर मिला। मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 के अंतर्गत आयोजित यह भ्रमण जिले के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान दिलाने और मध्यप्रदेश को विविधतापूर्ण पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।