गौधुलि वृद्धाश्रम में आनंदकों ने वृद्धजनों का किया सम्मान
छिन्दवाड़ा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आनंदकों द्वारा गौधुलि वृद्धाश्रम में वृद्धजनों का सम्मान किया गया। मध्यप्रदेश शासन के आनंद विभाग के राज्य आनंद संस्थान की अवधारणा के अनुरूप तथा कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय स्थित गौधुलि वृद्धाश्रम में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वृद्धजनों का सम्मान करते हुए उनके साथ आत्मीय संवाद किया गया और उनके अनुभवों को सुना गया। इस अवसर पर राज्य आनंद संस्थान के मास्टर ट्रेनर कैलाश सोनेवार ने कहा कि वृद्धजनों का आशीर्वाद हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं है। हमें अपने बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करने के साथ-साथ उनकी सेवा और देखभाल के लिए भी सदैव तत्पर रहना चाहिए।
कार्यक्रम में आनंदम सहयोगी महेश वंदेवार, सीएमसीएलडीपी परामर्शदाता लता नागले, राजेश सहित आनंदकों की सहभागिता रही। आयोजन के माध्यम से वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदना और सेवा भाव का संदेश दिया गया।