जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत गुढ़ुम में कृषक संगोष्ठी आयोजितकम पानी की स्थिति में फसल चयन, प्राकृतिक खेती और अतिरिक्त आय के साधनों की दी जानकारी

जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत गुढ़ुम में कृषक संगोष्ठी आयोजित

कम पानी की स्थिति में फसल चयन, प्राकृतिक खेती और अतिरिक्त आय के साधनों की दी जानकारी

छिन्दवाड़ा। कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार विकासखंड जुन्नारदेव की ग्राम पंचायत गुढ़ुम में कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में किसानों को कम पानी की स्थिति में उपयुक्त फसलों एवं किस्मों के चयन को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने और संतुलित मात्रा में उर्वरकों के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही नरवाई प्रबंधन एवं मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने किसानों को फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए आवश्यक उपाय बताए।

संगोष्ठी में समन्वित कृषि प्रणाली, उद्यानिकी एवं मधुमक्खी पालन के माध्यम से कृषि के साथ अतिरिक्त आय अर्जित करने के अवसरों की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा पशुधन विकास, नस्ल सुधार एवं पशुओं के पोषण प्रबंधन से संबंधित विषयों पर भी किसानों का मार्गदर्शन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा कृषक के खेत में पौधारोपण भी किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं कृषि के साथ पौधारोपण को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। संगोष्ठी में क्षेत्र के कृषकों ने सहभागिता कर कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने