खिड़की कनेरी में मनाया गया जल अर्पण दिवस
गांधी जयंती पर ग्रामीणों को दिया जल संरक्षण का संदेश
छिन्दवाड़ा। गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम खिड़की कनेरी में 2 अक्टूबर को जल अर्पण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों की स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने ग्रामीणों को जल के महत्व की जानकारी देते हुए पानी की प्रत्येक बूंद को सहेजने, वर्षा जल का संरक्षण करने तथा जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पारंपरिक एवं धार्मिक विधि-विधान से जल अर्पण भी किया गया।
श्रीमती पूर्णिमा शर्मा ने ग्रामीणों को जल की शुद्धता की जांच करने की विधि की जानकारी दी। वहीं, उपयंत्री नीतू नागेश्वर ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। ग्रामीणों ने जल की बर्बादी रोकने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जल जीवन का आधार है और इसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से जल संरक्षण को जनअभियान का रूप दिया जा सकता है।
इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं पीएमयू टीम के सदस्य, ग्राम पंचायत खिड़की कनेरी के सरपंच, उपसरपंच, सचिव, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।