अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियां पूरी, देश-विदेश से जुटेंगे श्रद्धालु
20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव, खेजरा मंदिर में महाराजा छत्रसाल के वंशजों को भेंट की जाएगी दिव्य तलवार
पन्ना। पन्ना में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर दशहरा उत्सव से एक दिन पूर्व श्री प्राणनाथ ट्रस्ट द्वारा पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में सुंदरसाथ श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। ट्रस्ट द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
दशहरा पर दिव्य तलवार भेंट करने की परंपरा
पत्रकार वार्ता में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष डी.के. दुबे ने बताया कि 20 अक्टूबर को दशहरा के अवसर पर स्थानीय खेजरा मंदिर में महाराजा छत्रसाल के वंशजों को दिव्य तलवार भेंट की जाएगी। इस अवसर पर पानबीड़ा खिलाने की परंपरा भी निभाई जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन से भी सहयोग का अनुरोध किया गया है, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सेवा, सद्भाव और मानवता का संदेश देता है महोत्सव
ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश भाई पटेल ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि शरद पूर्णिमा महोत्सव सेवा, सद्भाव और लोगों को आपस में जोड़ने का पर्व है। महामति प्राणनाथ जी महाराज ने समाज को एकता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों को आपसी घृणा और अहंकार से दूर रहकर प्रेम तथा सद्भाव के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी।
उन्होंने श्रद्धालुओं से दस दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव में शामिल होकर महामति प्राणनाथ जी के संदेशों को आत्मसात करने की अपील की।
20 से 30 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न आयोजन
ट्रस्ट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
- 20 अक्टूबर: दशहरा उत्सव के अवसर पर खेजरा मंदिर में विशेष आयोजन एवं दिव्य तलवार भेंट करने की परंपरा।
- 23 अक्टूबर: खेजरा मंदिर से तेरस की सवारी निकलेगी, जो कोतवाली चौराहा, बड़ा बाजार, किशोर जी मंदिर चौराहा और महेंद्र भवन होते हुए मंदिर पहुंचेगी।
- 24 अक्टूबर: सतगुरु देवचंद्र जी का प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा।
- 25 अक्टूबर: अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव का मुख्य आयोजन धूमधाम से होगा।
- 26 से 29 अक्टूबर: महामति प्राणनाथ मंदिर परिसर में रात्रिकालीन मंचीय कार्यक्रम, प्रवचन, वाणी गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
- 30 अक्टूबर: राज जी की शोभायात्रा सहित समापन संबंधी धार्मिक आयोजन प्रस्तावित हैं। इस दिन सुबह 9 बजे बंगाल जी में पुनः सुशोभित होने का कार्यक्रम भी बताया गया।
पत्रकार वार्ता में ट्रस्ट के पदाधिकारी रहे उपस्थित
पत्रकार वार्ता के दौरान ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारी अशोक परनामी, प्रेम किशोर शर्मा, आशीष कुमार शर्मा, राजेश शर्मा, प्रेम कुमार शर्मा, नरेंद्र धामी, चिदानंद शर्मा, अनिल धामी और गीत राज शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने तथा महामति प्राणनाथ जी के एकता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
Tags
पन्ना