पन्ना टाइगर रिजर्व में कुत्तों और मवेशियों के टीकाकरण का विशेष अभियान

पन्ना टाइगर रिजर्व में कुत्तों और मवेशियों के टीकाकरण का विशेष अभियान


वन्यजीवों को संक्रामक बीमारियों से बचाने पार्क प्रबंधन की पहल, पशुपालकों से सहयोग की अपील

पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा बाघ पुनर्स्थापना योजना के अंतर्गत वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्क की सीमा से लगे गांवों में घरेलू कुत्तों और मवेशियों के टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य पालतू पशुओं से वन्यजीवों में संक्रामक बीमारियों के प्रसार की आशंका को कम करना और बाघों सहित अन्य वन्यजीवों को सुरक्षित रखना है।

कुत्तों के टीकाकरण का प्रथम चरण शुरू

पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन के अनुसार, पालतू कुत्तों को कैनाइन डिस्टेंपर सहित अन्य गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान का प्रथम चरण 8 अक्टूबर 2026 को ग्राम अकोला से शुरू किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न गांवों में टीकाकरण किया जा रहा है।

टीकाकरण कार्यक्रम की तिथियां इस प्रकार हैं:

- 8 अक्टूबर: ग्राम अकोला
- 9 अक्टूबर: ग्राम अमझेरिया
- 10 से 12 अक्टूबर: ग्राम बांधी
- 13 एवं 14 अक्टूबर: ग्राम बराच
- 17 अक्टूबर: ग्राम जरधोवा
- 18 अक्टूबर: ग्राम इटवा
- 19 अक्टूबर: ग्राम जनवार

प्रबंधन के अनुसार, अभियान के तहत आवश्यक बूस्टर डोज भी लगाए जाएंगे। इसके बाद टीकाकरण का दूसरा चरण 18 दिसंबर 2026 से 6 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।

मवेशियों का भी होगा टीकाकरण

वन्यजीवों को संक्रामक रोगों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 में मवेशियों के टीकाकरण का अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत पशुओं को एच.एस. (गलघोंटू), बी.क्यू. (लंगड़ा बुखार) और एफ.एम.डी. (खुरपका-मुंहपका) जैसी बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाएगा।

पशुपालकों से सहयोग की अपील

पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने पार्क की सीमा से लगे गांवों के पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने घरेलू कुत्तों और मवेशियों का निर्धारित समय पर टीकाकरण अवश्य करवाएं। प्रबंधन का कहना है कि पालतू पशुओं का समय पर टीकाकरण वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अभियान के माध्यम से वन्यजीवों और पालतू पशुओं, दोनों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के प्रसार का जोखिम कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने