जिले में 9 नवंबर से 8 दिसंबर तक चलाया जायेगा फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 कार्यक्रम

अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये जिला स्तर पर विद्यार्थियों की निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली जिले के विकासखंड स्तर और महाविद्यालय व विद्यालय स्तरों पर भी रैली निकालकर दिया गया जागरूकता का संदेश

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार एक जनवरी 2023 की अर्हता तिथि के मान से जिले में 9 नवंबर से 8 दिसंबर तक फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 कार्यक्रम चलाया जायेगा । इस अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री ओ.पी.सनोडिया के मार्गदर्शन व सहायक नोडल अधिकारी स्वीप श्री जे.के.इड़पाचे के निर्देशन में आज महाविद्यालय एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के लगभग 1000 विद्यार्थियों द्वारा जिला स्तर पर पोला ग्राउंड से पुलिस ग्राउंड तक लगभग एक  किलोमीटर लंबी मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई और मतदाताओं को उनके नाम मतदाता सूची में जुड़वाने से संबंधित संदेश दिया गया। रैली का शुभारंभ राजस्व अनुविभागीय अधिकारी श्री मनोज प्रजापति द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इसी प्रकार जिले के विकासखंड स्तर और महाविद्यालय व विद्यालय स्तरों पर भी भावी मतदाता छात्र-छात्राओं द्वारा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिये रैली के माध्यम से मतदाताओं को संदेश दिया जाकर प्रचार-प्रसार किया गया। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के स्वीप प्रभारी, विकासखंड के बीआरसी, स्वीप प्रभारी तथा महाविद्यालय/उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के स्वीप प्रभारियों ने कार्यक्रम में अपनी सहभागिता की ।
जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र एवं सहायक नोडल अधिकारी स्वीप श्री इड़पाचे ने बताया कि फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2023 कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 1908 मतदान केन्द्रों पर बी.एल.ओ. द्वारा दावे और आपत्तियां प्राप्त की जायेंगी । कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक मतदान केन्द्र पर कार्य दिवसों में बूथ लेवल ऑफिसर की उपलब्धता रहेगी। साथ ही सार्वजनिक अवकाश के दिनों शनिवार व रविवार को आगामी 12 व 13 नवंबर और 19 व 20 नवंबर को प्रत्येक मतदान केन्द्र में विशेष कैम्प आयोजित किया जायेगा जिसमें बी.एल.ओ. द्वारा निर्वाचक नामावली का वाचन करने के साथ ही डोर-टू-डोर भ्रमण किया जायेगा । इसके अलावा एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2023 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले व्यक्ति विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिये भी आवेदन कर सकेंगे। जिन मतदाताओं की आयु 18 वर्ष हो गई है या इससे अधिक आयु वर्ग के मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में जोड़ना चाहते हैं, वे फार्म-6, प्रविष्टि हटाने के लिये फार्म-7 और प्रविष्टि में संशोधन के लिए प्ररूप-8 मतदान केन्द्र में बूथ लेबल आफिसर से प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं । प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 26 दिसम्बर 2022 को होगा और फोटो निर्वाचक नामावली का अन्तिम प्रकाशन 5 जनवरी 2023 को किया जायेगा ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ