जनसुनवाई : कलेक्ट्रेट में सुनी गई 203 आवेदकों की समस्याएं

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0

राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले के मार्गनिर्देशन में आज मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हरेन्द्र नारायण ने जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 203 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने सामूहिक और व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये जिनकी उन्होंने पूरी संवेदनशीलता के साथ अपने समक्ष में बैठाकर सुनवाई की । आज जनसुनवाई में मुख्य रूप से सीमाकंन व बंटवारा करने, अनुकंपा नियुक्ति दिलाने, भरण पोषण दिलाने, पुलिया व सड़क निर्माण करने, भूमि का कब्जा दिलाने, आवासीय व वनाधिकार पट्टा प्रदाय करने, आर्थिक सहायता व अनुग्रह राशि दिलाने, पेंशन दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान आवंटित करने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी ।
    मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नारायण ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिये भी चिन्हांकित किया । जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्राम अंबाड़ा, मैनीढाना, रायबासा व रिंगनखापा के किसानों ने अतिवृष्टि के कारण फसल खराब होने से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि दिलाने, ग्राम चीचगांव के श्रीमती रजनी प्रसन्नकर ने अनुग्रह सहायता राशि दिलाने, ग्राम तंसरामाल के श्री अजय वर्मा ने ग्राम पंचायत से निर्माण कार्य की मजदूरी दिलाने,  ग्राम ईकलबिहरी की श्रीमती रूपा कनोजे ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनाये गये मकान में बिजली व नल व्यवस्था कराने, ग्राम पिण्डरईडबीर के श्री लेखराम कुमरे ने भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत सेंटिंग के कार्य के लिये ऋण दिलाने, ग्राम बटकाखापा की श्रीमती अरूणा श्रीवास्तव ने कृषि भूमि पर लगाये गये विद्युत खंबे हटाने, चांदामेटा की श्रीमती माधवी डेहरिया ने रोजगार दिलाने, ग्राम खामीहीरा के श्री कमलेश डेहरिया ने आवास योजना में नाम जोड़ने, ग्राम सिल्लेवानी के ग्रामवासियों ने पेयजल समस्या का निराकरण करने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अतिरिक्त कलेक्टर श्री ओमप्रकाश सनोडिया व संयुक्त कलेक्टर श्री अजीत तिर्की सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से शामिल हुये।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default