"खुशियों की दास्तां" पापड़ के गृह उद्योग से स्व-सहायता समूह की महिलायें बन रहीं है आत्म-निर्भर


दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत महिलाओं को आत्म-निर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है । जिले के नगरपालिक निगम छिंदवाड़ा में महिलाओं को आत्म-निर्भर बनाने के लिये स्व-सहायता समूह गठित किये जा रहे हैं । इसी परिप्रेक्ष्य में छिंदवाड़ा नगर में नगरपालिक निगम द्वारा सांई जय गुरूदेव आजीविका स्वयं सहायता समूह का गठन किया गया तथा इस समूह में 10 महिलाओं को शामिल किया गया है । महिलाओं का यह समूह पापड़ निर्माण के गृह उद्योग से निरंतर आर्थिक रूप से सुदृढ़ होकर आत्म-निर्भर बनता जा रहा है । समूह की सभी महिलायें अपनी इस प्रगति से अत्यंत प्रसन्न हैं ।
सांई जय गुरूदेव आजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलायें पहले से ही स्वयं के घर में पापड बनाकर बेचती थी, लेकिन समूह में जुड़ने के बाद समूह की सदस्यों ने तय किया कि पापड़ बनाने की ही गतिविधि समूह में चालू रखी जाये । इसके बाद नगरपालिक निगम के माध्यम से दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत समूह का निर्माण किया गया । साथ ही महिलाओं की गतिविधि की पहचान की गई और उन्हें आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनने के लिये गृह उद्योग के संबंध में प्रेरित किया गया। महिलाओं ने एक मत से तय किया कि दूसरों के यहां काम करने से अच्छा है कि स्वयं के लिए कार्य किया जाये । इस समूह की 10 महिलाओं ने समूह बनने के 5 माह बाद 10,000 रूपये की आवर्त निधि की राशि प्राप्त की और इसके बाद उन्हें मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक से एक लाख रूपये की नगद साख सीमा की लोन राशि प्राप्त हुई जिसका उपयोग उन्होंने पापड बनाने की गतिविधि में किया । वर्तमान में समूह को मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक से ही समूह लोन के अंतर्गत 3 लाख रूपये का ऋण प्राप्त हुआ है जिससे उनका पापड़ का गृह उद्योग अच्छी तरह से संचालित हो रहा है । अब इस समूह की महिलाओं को 5000 रूपये की मासिक बचत हो रही है । सांई जय गुरूदेव आजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलायें अब अपने इस कार्य को और अधिक उच्च स्तर पर बढ़ाने का प्रयास कर रहीं हैं जिसमें सभी महिलाओं ने सहमति प्रदान की है ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ