जनसुनवाई : कलेक्ट्रेट में सुनी गई 165 आवेदकों की समस्याएं


राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर श्री ओ.पी.सनोडिया ने आज जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 165 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने सामूहिक और व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । आज जनसुनवाई में मुख्य रूप से अनुकंपा नियुक्ति दिलाने, सीमांकन व बंटवारा करने, नक्शा में सुधार करने, सड़क निर्माण करने, किसान सम्मान निधि की राशि दिलाने, भूमि का कब्जा दिलाने व आवासीय पट्टा प्रदाय करने, आर्थिक सहायता दिलाने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी ।
    अपर कलेक्टर श्री सनोडिया को जनसुनवाई कार्यक्रम में ग्राम पिपरिया राजगुरू की श्रीमती रोशनी वर्मा ने पुत्रियों की शिक्षा के लिये आर्थिक सहायता राशि दिलाने, ग्राम रोहनाकला के श्री राधेश्याम डेहरिया ने कृषि भूमि का सीमांकन करने, ग्राम झिरलिंगा के श्री लोकेश सिंह ठाकुर ने कुंए की कांक्रीट वॉल बनवाने, ग्राम चौरापठार की श्रीमती कलावती बाई ने भृत्य के पद पर नियुक्ति दिलाने, ग्राम खमारपानी के श्री विठ्ठल बोबड़े ने सेवानिवृत्त कर्मचारी के लंबित देयकों का भुगतान कराने, ग्राम मानकादेही के ग्रामवासियों ने बिजली के पोल लगवाने, छिंदवाड़ा नगर के श्री रत्नेश गोदरे ने अनुकंपा नियुक्ति दिलाने, श्री दयानंद चौरसिया ने फव्वारा चौक पर स्थित यातायात सिग्नल पुन: चालू कराने व  श्रीमती देवकी बाई धुर्वे ने भूमि बंटवारा कर ऋण पुस्तिका बनाने, ग्राम धनौरा गुसाई के दिव्यांग श्री दुर्गाप्रसाद सोलंकी ने प्रधानमंत्री आवास निर्माण व तबला यंत्र दिलाने, ग्राम उमरिया ईसरा के श्री दीपचंद धुर्वे ने किसान सम्मान निधि की राशि दिलाने, ग्राम मेहगौरा की श्रीमती सुनिता चन्द्रवंशी ने आंखों के ईलाज के लिये आर्थिक सहायता राशि दिलाने, ग्राम पाठा के श्री श्यामराव पवार ने शासकीय भूमि से रास्ता दिलाने, ग्राम रिछेड़ा के श्री सौरभ रघुवंशी ने राजस्व रिकॉर्ड से हटाये गये नाम व बटांकन को पुन: जोड़ने, ग्राम सोनपुर की कु.कल्पना सूर्यवंशी ने स्कूल फीस माफ करने, ग्राम सांवरी की श्रीमती अंजना सोनी ने स्थाई मकान पट्टा दिलाने, ग्राम उमराड़ी के ग्रामवासियों ने निस्तारी तालाब का अधूरा निर्माण कार्य व क्षतिग्रस्त तालाबों की मरम्मत का कार्य पूर्ण कराने, ग्राम चिरकुटागोंदी की श्रीमती कमला बाई मडावी ने मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना में ई-भुगतान आदेश जारी करने, ग्राम मेघासिवनी के श्री संदीप उईके ने संबल योजना में अनुदान राशि दिलाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, एसडीएम श्री अतुल सिंह व विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से शामिल हुये। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ