जुन्नरदेव से मुकेश बरखाने संवाददाता जनपद पंचायत जुन्नारदेव में संजय गांधी युवा नेतृत्व एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण संस्थान, पचमढ़ी के अंतर्गत पेसा मोबिलाइजर्स का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जनपद मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रश्मि चौहान की उपस्थिति में जनपद सभा कक्ष में संपन्न हुआ।
पेसा कानून पर विशेष प्रशिक्षण
इस प्रशिक्षण में पेसा कानून मास्टर ट्रेनर सुश्री अंजुम खान ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से पेसा कानून के उद्देश्यों और ग्राम सभाओं की भूमिका को विस्तार से समझाया। उनका मुख्य जोर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पेसा कानून की जानकारी और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर था।
पंचायती राज पर विशेष सत्र
पंचायती राज मास्टर ट्रेनर श्री संतोष बाथरे ने पंचायती राज के 29 विषयों जैसे ग्रामीण विकास, गरीबी उन्मूलन, सड़क, पेयजल, कृषि विस्तार, भूमि सुधार, पशुपालन, लघु सिंचाई आदि पर चर्चा की। उन्होंने ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) तैयार करने के महत्व को रेखांकित किया और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की रणनीतियां साझा कीं।
ग्राम सभा की भूमिका पर जोर
प्रशिक्षण में बताया गया कि ग्राम सभा स्थानीय विकास और प्रशासन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा का प्रमुख मंच है। पेसा कानून के तहत ग्राम सभाओं को सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने, सामुदायिक संस्थाओं के प्रबंधन और विवादों को सुलझाने के लिए सशक्त बनाया गया है।
उपस्थित प्रशिक्षार्थी और अधिकारी
कार्यक्रम में जनपद सीईओ सुश्री रश्मि चौहान, पेसा मास्टर ट्रेनर अंजुम खान, पंचायती राज मास्टर ट्रेनर संतोष बाथरे, पेसा ब्लॉक समन्वयक चंद्रभान उइके और 96 ग्राम पंचायतों के पेसा मोबिलाइजर्स प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम पेसा कानून की जमीनी समझ बढ़ाने और ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

