जुन्नरदेव से मुकेश बरखाने संवाददाता जुन्नारदेव पूर्व सांसद नकुल नाथ की मुख्य उपस्थिति में ब्लॉक कांग्रेस जुन्नारदेव की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की गई। इस दौरान नकुल नाथ ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर दिया।
नाथ परिवार से 45 साल पुराने रिश्ते की बात
पूर्व सांसद नकुल नाथ ने भावुक होकर कहा, “नाथ परिवार से आपका रिश्ता 45 साल पुराना है। मैं अपनी आख़िरी सांस तक आपके साथ रहूँगा।” उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए झूठे वादे करती है और उन्हें कभी पूरा नहीं करती। उन्होंने भाजपा पर हिंदू-मुसलमान के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की रीति-नीति को जन-जन तक पहुँचाएं और भाजपा की कथनी और करनी के अंतर को जनता को समझाएं।
विधायक सुनील उइके का भाजपा पर वार
विधायक सुनील उइके ने अपने संबोधन में कहा, “छिंदवाड़ा जिले के लोगों के दिलों में कमल नाथ जी और नकुल नाथ जी थे, हैं, और हमेशा रहेंगे।” उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “यह सरकार 1250 रुपए तो दे रही है, लेकिन महंगाई के जरिए हर घर से 5000 से 10,000 रुपए लूट भी रही है।” उन्होंने भी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने की अपील की।
जिला अध्यक्ष का संगठन पुनर्गठन पर जोर
जिला अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने बूथ स्तर पर संगठन को पुनः गठित करने की आवश्यकता पर बल दिया और कार्यकर्ताओं से इस दिशा में ठोस कदम उठाने का आह्वान किया।
बैठक को जुन्नारदेव विधानसभा प्रभारी गोविंद राय, नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष अरुण साहू, नगर अध्यक्ष अरुणेश जैसवाल और अन्य क्षेत्रीय अध्यक्षों ने भी संबोधित किया।
नेताओं का उत्साहवर्धन और कार्यकर्ताओं से संवाद
बैठक के बाद पूर्व सांसद नकुल नाथ ने समस्त कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना।यह संवाद कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने में सफल रहा!
इस बैठक में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जुन्नारदेव विधानसभा के सभी ब्लॉकों के अध्यक्ष और पर्यवेक्षक उपस्थित रहे। पूरे सम्मेलन ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया और भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संकल्प दोहराया।
नकुल नाथ और कांग्रेस की रणनीति का बड़ा संदेश
यह बैठक न केवल कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम थी, बल्कि भाजपा की नीतियों और वादाखिलाफी पर खुला प्रहार भी। पूर्व सांसद नकुल नाथ का यह संदेश साफ था कि पार्टी अब मैदान में आक्रामक रणनीति के साथ उतरने को तैयार है।

