नवाचार से विकसित भारत के संकल्प की प्रेरणा : विवेक चंद्रवंशी
जुन्नारदेव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 123वें संस्करण का प्रसारण रविवार को भाजपा नगर मंडल जुन्नारदेव के 44 बूथों पर कार्यकर्ताओं और आमजन ने एक साथ सुना। नगर मंडल के नजरपुर बूथ क्रमांक 226 पर यह कार्यक्रम भाजपा नेता सुधीर तिवारी के निवास पर आयोजित हुआ, जिसमें भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विवेक चंद्रवंशी, बूथ अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद मंडल प्रभारी मयंक साहू और नगर मंडल अध्यक्ष विवेक चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की सफलता, आपातकाल के काले अध्याय तथा देशवासियों के असाधारण नवाचारों पर विचार साझा किए। साथ ही पीएम ने बताया कि भारत को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा ट्रेकोमा मुक्त देश घोषित किया गया है, तथा अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) की रिपोर्ट के मुताबिक 64% भारतीय आबादी को सरकार की किसी न किसी सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ मिल रहा है। यह सामाजिक न्याय और समावेशी विकास के प्रति मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विवेक चंद्रवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात के माध्यम से सामान्य व्यक्तियों के असाधारण कार्यों को सामने लाते हैं, जिससे नवाचारों का प्रचार-प्रसार होता है और लोगों को प्रेरणा मिलती है। यह प्रेरणा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में भाजपा नगर मंडल जुन्नारदेव के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता तथा अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।

