चमत्कारी रिकवरी: गंभीर रूप से बीमार राजेंद्र सिंह अब पूर्णतः स्वस्थ
छिंदवाड़ा, 2 अगस्त 2025।
एवीएन आरोग्य हॉस्पिटल में भर्ती किए गए गंभीर हालत के मरीज राजेंद्र सिंह ने डॉक्टरों की अथक मेहनत और उत्कृष्ट उपचार के चलते नई जिंदगी पाई है। भर्ती के समय उन्हें अत्यधिक सांस लेने में परेशानी हो रही थी और ऑक्सीजन स्तर बेहद कम था। जांच में यह पाया गया कि उन्हें सिवियर निमोनिया है, जिससे दोनों फेफड़े बुरी तरह संक्रमित हो चुके थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया और ट्रैकियोस्टॉमी जैसी जटिल प्रक्रिया भी अपनाई गई। डॉक्टर महेश चंद्रकांत (एम.डी. मेडिसिन, पल्मोनोलॉजिस्ट) की निगरानी में 39 दिनों तक लगातार इलाज चला। डॉक्टर महेश और उनकी टीम की सतत निगरानी, कुशल उपचार तथा नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की समर्पित सेवा के परिणामस्वरूप राजेंद्र सिंह अब पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं।
राजेंद्र सिंह एवं उनके परिजनों ने डॉक्टर महेश चंद्रकांत तथा हॉस्पिटल के संचालक श्री दीपक खंडेलवाल का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया और पूरी टीम के समर्पण की सराहना की।
यह सफल उपचार न केवल आधुनिक चिकित्सा प्रणाली की प्रभावशीलता को दर्शाता है, बल्कि समर्पित चिकित्सकों की प्रतिबद्धता और सेवा भावना की प्रेरणादायक मिसाल भी है।