छिन्दवाड़ा/04 अक्टूबर 2025/ नवागत कलेक्टर श्री हरेन्द्र नारायन ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में गत दिवस दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान-2025 के प्रथम चरण की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे। जिनके परिपालन में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अमले द्वारा अभियान अंतर्गत पशुपालकों से संपर्क का कार्य लगातार जारी है।
इसी क्रम में आज ग्राम पंचायत खुनाझिरकलां के ग्राम सेमरढाना एवं बिसापुरकलां में पशुपालकों से उप संचालक डॉ.पक्षवार द्वारा संवाद किया गया। इस दौरान पशु चिकित्सक जिला पशु चिकित्सालय छिंदवाड़ा डॉ.छत्रपाल टांडेकर, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्रीमती रजनी सलामे, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी कु. सिमरन एवं श्री राधे माहोरे उपस्थित थे।
अभियान अंतर्गत अभी तक कुल 1966 पशुपालकों से संपर्क किया जा चुका है, जिसकी पोर्टल पर एंट्री की जा रही है। उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग
डॉ.एच.जी.एस.पक्षवार ने दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान-2025 के प्रथम चरण के बारे में जानकारी प्रदाय करते हुए बताया कि अभियान के तहत कुल 1548 ग्रामों में 6875 पशुपालकों से संपर्क साधा जायेगा। साथ ही ऐसे पशुपालक जिनके पास 10 या 10 से अधिक गौवंश /भैंस वंश हैं, उन्हें अभियान में शामिल किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत जिला छिंदवाड़ा में 55 सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी एवं 135 मैत्री की ड्यूटी लगाई गई है। अभियान में सतत निगरानी उप संचालक डॉ.पक्षवार द्वारा की जा रही है। अभियान का उद्देश्य पशुपालकों की आय में बढ़ोत्तरी करना है।
इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिये मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम श्री सुधीर जैन एवं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों द्वारा पर्यवेक्षण किया जायेगा।