दतिया में तेली समाज की द्वितीय सामाजिक चिंतन बैठक संपन्न
तैलीक समाज के सभी संगठन एक मंच पर, गूंजा “हम सब एक हैं” का नारा
मां पीतांबरा नगरी दतिया में तेली समाज की एकता का संदेश
मध्य प्रदेश तेली समाज की द्वितीय सामाजिक चिंतन बैठक मां पीतांबरा देवी की पावन नगरी दतिया में भव्य रूप से संपन्न हुई। इस आयोजन में मध्य प्रदेश के सभी संभागों व जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और राजस्थान से सैकड़ों सामाजिक बंधुओं की सहभागिता रही।
चिंतन बैठक का आयोजन तेली समाज दतिया द्वारा सिंधी धर्मशाला, ज्योति मंदिर परिसर में किया गया। बैठक से पूर्व मां पीतांबरा देवी, मां कर्मा माता की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई, जिसके बाद सामाजिक चिंतन सत्र का शुभारंभ हुआ।
बैठक में साहू, तेली, राठौर, गुप्ता, शाह, गोलहानी सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष रविकरण साहू, छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, अखिल भारतीय तेली महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल राठौर (राजस्थान), भारतीय तैलीक साहू राठौर महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील साहू (महाराष्ट्र), प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र साहू, कार्यकारी अध्यक्ष सत्येंद्र साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भावना साहू, अखिल भारतीय तेली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम अस्तोलिया, कर्मा सेना छत्तीसगढ़ के यशवंत तुषार साहू सहित अनेक गणमान्य जन शामिल हुए।
चिंतन बैठक में समाज की एकता, संगठन विस्तार, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और युवा नेतृत्व पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। सभी वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया। बैठक के दौरान “हम सब एक हैं” का नारा गूंजता रहा और सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर बैठकर चर्चा की।
इस अवसर पर छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू ने राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन छिंदवाड़ा इकाई द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन का प्रथम निमंत्रण मां पीतांबरा देवी के चरणों में अर्पित किया। इसके बाद सांसद सहित सामाजिक पदाधिकारियों ने मां बगलामुखी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया।
आयोजन समिति की ओर से बद्री प्रसाद साहू, अध्यक्ष साहू समाज दतिया एवं व्यवस्थापक दिनेश साहू सिल्लन ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं सामाजिक बंधुओं का आभार व्यक्त किया। बैठक में छिंदवाड़ा से बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।
चिंतन बैठक समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
0 टिप्पणियाँ