जुन्नारदेव जहरीली मिठाई कांड का खुलासा, ससुर-देवर-ननद गिरफ्तार
आर्सेनिक मिली मिठाई से तीन हत्याएं, पुलिस ने साजिश का किया पर्दाफाश
जुन्नारदेव।
जहरीली मिठाई खिलाकर तीन लोगों की हत्या और दो की हत्या के प्रयास के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतका खुशबू कथुरिया के ससुराल पक्ष के तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना 8 से 10 जनवरी 2026 के बीच की है, जब जुन्नारदेव स्थित PHE कार्यालय के गेट के पास रखी गई मिठाई खाने से चौकीदार दशरू यदुवंशी, सुंदरलाल कथुरिया और खुशबू कथुरिया की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वहीं संतोषी कथुरिया और उनकी बेटी पूजा की जान समय पर इलाज मिलने से बच गई।
पुलिस जांच में खाद्य एवं औषधि विभाग की रिपोर्ट सामने आई, जिसमें मिठाई में 25648 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम (2.56 प्रतिशत) आर्सेनिक पाया गया, जो घातक मात्रा से कई गुना अधिक है। विसरा जांच रिपोर्ट में भी आर्सेनिक की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान सामने आया कि पारिवारिक विवाद और बदनामी के चलते खुशबू कथुरिया के ससुर झाड़ू कसार, देवर शुभम कसार और ननद शिवानी कसार ने मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने घोड़ों को दी जाने वाली सोमल दवा (आर्सेनिक) को मिठाई में मिलाकर PHE कार्यालय के पास रख दिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 1 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी शुभम कसार के कब्जे से हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल (MP-28-ZK-4958) और रेडमी स्मार्टफोन जप्त किया गया है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 109(1) और 61(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर पुलिस रिमांड लिया गया है।
इस पूरे मामले का खुलासा थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बघेल के नेतृत्व में जुन्नारदेव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने किया।
0 टिप्पणियाँ