जुन्नारदेव।
स्थानीय थाना परिसर में आगामी महादेव मेले के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन को लेकर शांति समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, नगर के गणमान्य नागरिक तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मेले में संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे किए जाएंगे।
थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जाएगी। सादे कपड़ों में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर तुरंत कार्रवाई हो सके। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है।
शांति समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव रखे और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि मेले के दौरान शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ने कहा कि महादेव मेला आस्था का प्रतीक है। इसे सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments