छिंदवाड़ा, 27 मार्च 2026।
चौरई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चिखलीखुर्द में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लगने से किसानों की लगभग 70 से 80 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। आग लगने की घटना दोपहर लगभग 1:30 बजे की बताई जा रही है। किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि फसल को बचाया नहीं जा सका।
किसानों द्वारा तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई, लेकिन काफी देर तक न तो राजस्व अमला मौके पर पहुंचा और न ही पुलिस प्रशासन। बाद में किसानों ने जिले के कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह को घटना की जानकारी दी, तब प्रशासन हरकत में आया और तहसील चांद का राजस्व अमला लगभग 2:30 बजे मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक किसानों की पूरी फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि आग बुझाने के लिए मौके पर कोई दमकल वाहन भी नहीं पहुंचा, जिससे नुकसान और अधिक बढ़ गया। उल्लेखनीय है कि उसी दिन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री छिंदवाड़ा में बस दुर्घटना में घायलों से मिलने पहुंचे थे, लेकिन दूसरी ओर किसानों की फसल जलती रही और समय पर राहत नहीं मिल सकी।
इस आगजनी की घटना में बलवान वर्मा, सूरज वर्मा, विनोद वर्मा, इंद्रकुमार वर्मा, राजेंद्र वर्मा, धनराज वर्मा, संतोष वर्मा, जागलाल वर्मा सहित अन्य किसानों की गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।
अखिल भारतीय लोधी लोधा लोध महासभा के प्रदेश मंत्री एडवोकेट देवेंद्र वर्मा ने प्रशासन से मांग की है कि जली हुई फसलों का तत्काल सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला कलेक्टर से चर्चा भी की गई है।
ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन से जल्द राहत और मुआवजा देने की मांग की है, ताकि किसानों को इस भारी नुकसान से राहत मिल सके।
0 टिप्पणियाँ