छिंदवाड़ा सड़क हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले मुख्यमंत्री, घायलों का हाल जाना

छिंदवाड़ा सड़क हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले मुख्यमंत्री, घायलों का हाल जाना
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने छिंदवाड़ा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में दिवंगत नागरिकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों के उपचार की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने रामनवमी के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर छिंदवाड़ा का दौरा किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नई दिल्ली से भोपाल होते हुए सीधे छिंदवाड़ा पहुंचे। उन्होंने सड़क दुर्घटना में मृत नागरिकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है तथा मध्यप्रदेश सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने दुर्घटना वाले दिन ही मृतकों के परिवारों के लिए चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की थी। साथ ही घायलों के समुचित उपचार और सहायता के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय छिंदवाड़ा पहुंचकर सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी लेकर निर्देश दिए कि सभी घायलों का समुचित उपचार किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर नागपुर अथवा अन्य उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि घायलों के नि:शुल्क उपचार के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम करेर तहसील मोहखेड़ में श्रीमती सिया इनवाती, श्री रामदास पराने, श्री दौलत पवार, श्रीमती भागवती और श्रीमती शकुन यादव के निवास पहुंचकर परिवारजनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करेगी और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

ग्राम करेर के बाद मुख्यमंत्री ग्राम ग्वारा और ग्राम झिरिया भी पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्घटना प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हिम्मत बनाए रखने का आग्रह किया और शासन की ओर से हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ