सच की आंखें छिन्दवाड़ा/23 अप्रैल 2026/ मध्यप्रदेश शासन के संचालनालय खेल और युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार जिले के बच्चों और खिलाड़ियों के ग्रीष्मकालीन अवकाश के सदुपयोग के लिये समर कैंप आरोह 2026 के आयोजन को लेकर कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक श्री अजय पांडेय की उपस्थिति में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों के साथ ही जिले के सभी खेल संघों के पदाधिकारी, खेल प्रशिक्षक और युवा समन्वयक उपस्थित थे।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं खेल प्रशिक्षकों को निर्देशित किया कि इस समर कैंप में अधिक से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ प्रत्येक खिलाड़ी तक पहुंच सके। साथ ही 05 मई से 05 जून 2026 तक आयोजित होने वाले आरोह (समर कैंप) 2026 की व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कैंप आयोजन के दौरान पेयजल, स्वच्छता और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
जिला स्तर पर स्थानीय पुलिस लाइन, ओलंपिक स्टेडियम एवं इंदिरा गांधी क्रिकेट स्टेडियम में कुल 12 खेलों फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कराते, स्केटिंग, बैडमिंटन, कबड्डी, कुश्ती, क्रिकेट, बुशु, बॉक्सिंग और ताईक्वांडो का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा ब्लॉक स्तर पर भी दो खेलों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। खेल प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, मोबाइल एडिक्शन नियंत्रण, नशामुक्ति, सीपीआर आदि के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
प्रशिक्षण शिविर का समय प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक एवं सायं 5 बजे से 7 बजे तक निर्धारित किया गया है। इच्छुक खिलाड़ी संबंधित प्रशिक्षकों से संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी, कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
0 टिप्पणियाँ