सच की आंखें छिन्दवाड़ा/23 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने नहरों की साफ-सफाई और बांधों के रख- रखाव कार्य की समीक्षा के लिए आज जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक का आयोजन कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया था, जिसमें जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री, अनुविभागीय अधिकारी एवं उपयंत्री उपस्थित थे।
कलेक्टर नारायन ने जल संसाधन विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सिंचाई परियोजना से लाभांवित ग्रामों में चौपाल आयोजित कर पंचनामा तैयार करें। नहरों की समुचित साफ - सफाई सुनिश्चित कराई जाए और बांधों के रख रखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। वर्षाकाल में हुई टूट-फूट का सुधार कार्य सिंचाई प्रारंभ होने के पूर्व किया जाये। यह कार्य कब से प्रारंभ किया गया और कब समाप्त किया गया, उसका पूर्ण विवरण पीपीटी में तैयार कर आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये ।
बैठक में जल संसाधन विभाग द्वारा पेंच व्यपवर्तन परियोजना के संबंध में विस्तृत चर्चा के दौरान अवगत कराया गया कि पेंच व्यपवर्तन परियोजना नहर संभाग सिंगना एवं पेंच व्यपवर्तन बांध जल संसाधन संभाग क्रमांक-01 चौरई का कार्य क्षेत्र क्रमश: 735 कि.मी. एवं 180 कि.मी. में है, इस प्रकार परियोजना का कुल कार्यक्षेत्र 915 कि.मी. के परिधि में फैला हुआ है।
परियोजना में नहरों के रखरखाव, संचालन-संधारण हेतु शासन स्तर से नहरों के रखरखाव, टूटफूट, गेटों का खोलना- बंद करना, पेट्रोलिंग तथा बांध-नहरों की झाड़ियों की साफ-सफाई कार्यों के लिए 160 रूपये प्रति हेक्टेयर के मान से राशि शासन स्तर से प्रदान की जाती है। जिसमें नहरों के रखरखाव, संचालन-संधारण, पेट्रोलिंग तथा नहरों की झाड़ियों की साफ-सफाई के लिए 120 रूपये प्रति हेक्टेयर एवं बांध के रखरखाव, संचालन-संधारण, झाड़ियों की साफ-सफाई हेतु 40 रूपये प्रति हेक्टेयर की दर से शासन द्वारा प्रदाय की जाती है।
0 टिप्पणियाँ