डिजिटल माध्यम से जनगणना महा-अभियान की छिंदवाड़ा में शुरुआत, 16 से 30 अप्रैल तक नागरिक स्वयं कर सकेंगे स्व-गणना

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
डिजिटल माध्यम से जनगणना महा-अभियान की छिंदवाड़ा में शुरुआत, 16 से 30 अप्रैल तक नागरिक स्वयं कर सकेंगे स्व-गणना
डिजिटल माध्यम से जनगणना महा-अभियान की छिंदवाड़ा में शुरुआत, 16 से 30 अप्रैल तक नागरिक स्वयं कर सकेंगे स्व-गणना

छिंदवाड़ा, 02 अप्रैल 2026। देश की पहली डिजिटल जनगणना को शत-प्रतिशत सटीक और सुगम बनाने के उद्देश्य से छिंदवाड़ा जिले में डिजिटल माध्यम से जनगणना महा-अभियान की शुरुआत हो गई है। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री हरेन्द्र नारायन के मार्गदर्शन में नगर निगम छिंदवाड़ा के सभा कक्ष में फील्ड ट्रेनर्स के दूसरे बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 1 अप्रैल से प्रारंभ हुआ, जिसका गुरुवार को द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ निगमायुक्त श्री सी.पी. राय, जिला जनगणना अधिकारी श्री पुष्पेंद्र निगम, जिला जनगणना प्रभारी श्री अनुज सोलंकी एवं नगर जनगणना अधिकारी श्री कमलेश निर्गुड़कर द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर प्रो. पी.एन. सनेसर और श्री राजेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा डिजिटल ऐप और जनगणना की कार्यप्रणाली का तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षित टीम आगे तहसील और नगर स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देगी।

16 से 30 अप्रैल तक स्वयं कर सकेंगे स्व-गणना
जिला जनगणना प्रभारी श्री अनुज सोलंकी ने बताया कि इस बार जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक और जनसुलभ बनाया गया है। 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से जनगणना पोर्टल पर जाकर स्वयं अपने परिवार और मकान की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जानकारी भरने के बाद मोबाइल पर एक रेफरेंस नंबर प्राप्त होगा, जिसे मई माह में घर आने वाले प्रगणक को बताना होगा, जिससे जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
पहले चरण में पूछे जाएंगे 33 प्रश्न
जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के अंतर्गत कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे। इन प्रश्नों के माध्यम से पेयजल, बिजली, इंटरनेट, वाहन, शौचालय सहित बुनियादी सुविधाओं की जानकारी एकत्र की जाएगी। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर क्षेत्र में स्कूल, अस्पताल, सड़क और अन्य विकास कार्यों की योजना बनाई जाएगी।

नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन और नगर निगम छिंदवाड़ा ने नागरिकों से अपील की है कि 16 से 30 अप्रैल के बीच स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और सही जानकारी देकर इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। जनगणना अधिनियम 1948 के तहत दी गई सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default