छिंदवाड़ा। जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए कलेक्टर हरेन्द्र नारायण द्वारा महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। गर्मी के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए प्री-प्रायमरी से कक्षा 8वीं तक के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय संचालन का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 11:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इससे पहले सभी कक्षाओं के लिए समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया गया था।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहकर आवश्यक शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य संपादित करेंगे। वहीं, पूर्व निर्धारित परीक्षाएं एवं अन्य आवश्यक कार्यक्रम यथावत समय-सारणी के अनुसार संचालित होते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि जिले में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया है।
0 टिप्पणियाँ