कागजों में बना खेत तालाब, लाखों की राशि निकासी का आरोप

कागजों में बना खेत तालाब, लाखों की राशि निकासी का आरोप
छिंदवाड़ा। जिले की जनपद पंचायत तामिया अंतर्गत ग्राम पंचायत कपूरनाला में मनरेगा कार्यों में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्राम नवलगांव निवासी खरगराम पिता गयाप्रसाद यादव के नाम पर स्वीकृत खेत तालाब का निर्माण किए बिना ही लाखों रुपये निकाल लिए जाने का आरोप लगा है।

जानकारी के अनुसार खेत तालाब निर्माण के लिए मस्टर रोल में करीब 2 लाख 3 हजार 260 रुपये की राशि दर्शाते हुए फर्जी हाजिरी भर दी गई, जबकि हितग्राही के परिवार का कहना है कि उनके खेत में कोई तालाब बना ही नहीं और न ही उन्होंने मजदूरी का कार्य किया। इसके बावजूद उनके नाम से भुगतान दर्शाया गया है।
आरोप है कि पंचायत के सरपंच, सचिव बलदेव यादव और सहायक सचिव महेंद्र यादव ने एपीओ मनरेगा की मिलीभगत से कार्य की तकनीकी स्वीकृति (टीएस) जारी कराकर राशि आहरित कर ली। मामला सामने आने के बाद पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।

ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में अन्य निर्माण कार्यों में भी गड़बड़ी सामने आ रही है। गांव में लगभग 15 लाख रुपये लागत की पुलिया का निर्माण बीते ढाई वर्षों से अधूरा है, जबकि उसकी पूरी राशि निकाले जाने का आरोप लगाया गया है। साथ ही पूर्व में बनाए गए एक खेत तालाब के पहली ही बारिश में टूट जाने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बाइट — हितग्राही का पुत्र:
“हमारे खेत में कोई तालाब नहीं बना है। हम काम पर भी नहीं गए, फिर भी मस्टर रोल में हमारा नाम डालकर पैसा निकाल लिया गया।”
बाइट — ग्रामीण, नवलगांव:
“पंचायत में लगातार गड़बड़ियां हो रही हैं। पुलिया का काम अधूरा है और गुणवत्ता भी खराब है। इसकी जांच होनी चाहिए।”

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ