छिंदवाड़ा। जिले की जुन्नारदेव विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत पालाचौरई के वार्ड क्रमांक 4 के ग्रामीणों ने वर्षों से चली आ रही मूलभूत समस्याओं को लेकर जनसुनवाई में आवाज उठाई। ग्रामीणों की ओर से राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा परिषद के जिलाध्यक्ष संजय विश्वकर्मा ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन प्रस्तुत किया।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत भूमि के सीमांकन, शौचालय निर्माण, आवासीय पट्टा वितरण तथा मोहल्ले के नामीकरण जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर वे पूर्व में ग्राम सभा, पंचायत एवं एसडीएम स्तर तक कई बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। लगातार उपेक्षा से परेशान होकर ग्रामीणों ने मानवाधिकार परिषद से मदद की गुहार लगाई।
इस पर संजय विश्वकर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
इस दौरान परिषद के जिला सचिव नितेश यादव, कोषाध्यक्ष महेंद्र गौतम, मनोनीत ग्राम अध्यक्ष नंदकिशोर परतेती सहित राधा इवनाती, कस्तूरी बाई, कृष्णा दर्शमा, जगदीश परतेती समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ